AUS vs IND, Day-4: ऑस्‍ट्रेलिया ने की जीत की तैयारी, भारत को मैच बचाने के लिए लगाना होगा एड़ी-चोटी का जोर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 10, 2021, 01:10 PM IST

AUS vs IND, Sydney Test: ऑस्‍ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ सिडनी टेस्‍ट में अपनी पकड़ मजबूत बना ली है। मेजबान टीम ने भारत के सामने जीत के लिए 407 रन का विशाल लक्ष्‍य रखा है। भारतीय टीम के ओपनर्स आउट हुए।

AUS vs IND, Day-4: ऑस्‍ट्रेलिया ने की जीत की तैयारी, भारत को मैच बचाने के लिए लगाना होगा एड़ी-चोटी का जोर
Photo Credit: AP

सिडनी: ऑस्‍ट्रेलिया ने सिडनी टेस्‍ट जीतने की तैयारी कर ली है। टीम इंडिया किसी चमत्‍कार के सहारे ही इस टेस्‍ट को बचा सकती है। ऑस्‍ट्रेलिया ने रविवार को तीसरे टेस्‍ट के चौथे दिन अपनी दूसरी पारी 87 ओवर में 312/6 के स्‍कोर पर घोषित की और भारत के सामने 407 रन का विशाल लक्ष्‍य रखा। इसका पीछा करते टीम इंडिया ने दिन का खेल समाप्‍त होने तक 34 ओवर में 2 विकेट खोकर 98 रन बनाए। चेतेश्‍वर पुजारा 9* और कप्‍तान अजिंक्‍य रहाणे 4* रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं। भारत को मैच जीतने के लिए 309 रन की दरकार है, जबकि उसके आठ विकेट शेष हैं।

407 रन के विशाल लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को रोहित शर्मा (51) और शुभमन गिल (31) ने 71 रन की साझेदारी करके दमदार शुरूआत दिलाई। दोनों ने इस बीच कई आकर्षक शॉट्स खेले। जोश हेजलवुड ने गिल का कैच पेन के हाथों कराकर भारत को पहला झटका दिया। इसके बाद रोहित शर्मा ने अपना अर्धशतक पूरा किया। पैट कमिंस ने शर्मा को स्‍टार्क के हाथों कैच कराकर ऑस्‍ट्रेलिया को दूसरी सफलता दिलाई। दाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने 98 गेंदों में पांच चौके और एक छक्‍के की मदद से 52 रन बनाए।

ग्रीन-स्मिथ ने खेली दमदार पारियां

इससे पहले ऑस्‍ट्रेलिया ने कैमरन ग्रीन (84) और स्‍टीव स्मिथ (81) की उम्‍दा पारियों की बदौलत अपनी दूसरी पारी 87 ओवर में 312/6 के स्‍कोर पर घोषित की। मेजबान टीम ने चौथे दिन अपनी पारी 103/2 के स्‍कोर से आगे बढ़ाई। लाबुशेन ने सुबह के सत्र में तेजी से खेलते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। नवदीप सैनी ने लाबुशेन को साहा के हाथों कैच आउट कराकर भारत को दिन की पहली सफलता दिलाई। दाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने 118 गेंदों में 9 चौके की मदद से 73 रन बनाए। जल्‍द ही सैनी ने मैथ्‍यू वेड (4) को रिद्धिमान साहा के हाथों कैच आउट कराया। 

लंच के बाद स्‍टीव स्मिथ ने तेजी से खेलना शुरू किया और मैदान के चारों कोनों में शॉट घुमाए। हालांकि, रविचंद्रन अश्विन ने स्मिथ को एलबीडब्‍ल्‍यू आउट करके ऑस्‍ट्रेलिया को तगड़ा झटका दिया। स्मिथ दोनों पारियों में शतक बनाने से चूक गए। दाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने 167 गेंदों में 8 चौके और एक छक्‍के की मदद से 81 रन बनाए।

स्मिथ के आउट होने के बाद कप्तान टिम पेन ने ग्रीन का साथ दिया। दोनों ने दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया को 300 रन के पार पहुंचाया। ऐसे में तेजी से अपना शतक पूरा करने की कोशिश में ग्रीन बुमराह की गेंद पर लपके गए। ग्रीन ने 132 गेंद में 84 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और 4 छक्के जड़े। भारत की तरफ से नवदीप सैनी और रविचंद्रन अश्विन को दो-दो सफलता मिली। जसप्रीत बुमराह और मोहम्‍मद सिराज के खाते में एक-एक विकेट आया।

तीसरे दिन का हाल

भारत को ऑलआउट करने के बाद दूसरी पारी में बल्‍लेबाजी करने उतरी ऑस्‍ट्रेलिया की शुरूआत अच्‍छी नहीं रही। विल पुकोव्‍स्‍की (10) को मोहम्‍मद सिराज ने विकेटकीपर साहा के हाथों झिलवाकर ऑस्‍ट्रेलिया को पहला झटका दिया। इसके बाद स्‍कोर 35 पर पहुंचा था कि डेविड वॉर्नर (13) को रविचंद्रन अश्विन ने एलबीडब्‍ल्‍यू आउट करके पवेलियन लौटाया। बता दें कि ऑस्‍ट्रेलिया की पहली पारी 338 रन के जवाब में भारत की पहली पारी 244 रन पर सिमटी। इस तरह मेजबान टीम को पहली पारी के आधार पर 94 रन की बढ़त मिली।

दोनों टीमें
ऑस्‍ट्रेलिया - डेविड वॉर्नर, विल पुकोव्‍स्‍की, मार्नस लाबुशेन, स्‍टीव स्मिथ, मैथ्‍यू वेड, कैमरून ग्रीन, टिम पेन (कप्‍तान और विकेटकीपर), पैट कमिंस, मिचेल स्‍टार्क, नाथन लियोन, जोश हेजलवुड।

भारत - रोहित शर्मा, शुभमन गिल, चेतेश्‍वर पुजारा, अजिंक्‍य रहाणे (कप्‍तान), हनुमा विहारी, रिषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, नवदीप सैनी, मोहम्‍मद सिराज, जसप्रीत बुमराह।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!