शहर

10 सेकेंड में 30 राउंड फायरिंग! झज्जर में मची दहशत, घर के बाहर युवक पर बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

हरियाणा के झज्जर जिले के सुबाना गांव में पुरानी रंजिश के चलते हुई एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। कार सवार चार हमलावरों ने 24 वर्षीय युवक हितेश उर्फ गुल्लू पर अंधाधुंध फायरिंग कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।

Image

झज्जर में दिनदहाड़े फायरिंग से सनसनी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Jhajjar News: हरियाणा के झज्जर जिले के सुबाना गांव में शुक्रवार रात पुरानी रंजिश के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। कार सवार चार हमलावरों ने 24 वर्षीय युवक हितेश उर्फ गुल्लू (पुत्र नरेश) पर अंधाधुंध फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार हमलावरों ने युवक को संभलने का कोई मौका नहीं दिया और बेहद कम समय में पूरी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि लगभग दो मिनट के अंदर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं और करीब 39 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें 20 से अधिक गोलियां हितेश को लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया यह भी जा रहा है कि बदमाशों ने महज 10 सेकंड के अंदर करीब 30 राउंड फायर किए।

तीन टीमों का हुआ गठन

इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। शुक्रवार रात से लेकर शनिवार दोपहर तक पुलिस की अलग-अलग टीमें मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुटी रहीं। डीसीपी क्राइम शुभम सिंह के अनुसार, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उन्होंने बताया कि मामले की हर पहलू से गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं माछरौली थाना पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर पड़ोसी गांव गिरधरपुर निवासी प्रदीप उर्फ सिपाही (पुत्र राजकुमार) और दिकेश (पुत्र पप्पू उर्फ वीरेंद्र) समेत कुल चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी

गांव सुबाना निवासी यतेंद्र ने अपनी शिकायत में बताया कि 15 मई की रात उसका चचेरा भाई हितेश उर्फ गुल्लू अपने घर के बाहर खड़ी एक कार को अंदर लगाने के लिए ड्राइवर सीट पर बैठा हुआ था। उसी दौरान बाबेपुर की दिशा से एक काले रंग की कार वहां पहुंची और हमलावरों ने हितेश की गाड़ी के सामने अपनी कार रोक दी। इसके बाद कार से चार युवक उतरे और पिस्तौल निकालकर बेहद करीब से उस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। घटना के समय हितेश के साथ गांव का ही दीपक उर्फ धबल भी कार में मौजूद था, जो किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।

पुरानी रंजिश से जुड़ी हो सकती है वारदात

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान स्विफ्ट कार के आगे के शीशे, बोनट और ड्राइवर साइड की खिड़की पर गोलियों के कई निशान पाए गए। इसके अलावा गाड़ी के आसपास खाली कारतूस, सिक्के और कुछ जिंदा कारतूस भी बिखरे मिले। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा है कि यह घटना वर्ष 2022 की पुरानी रंजिश से जुड़ी हो सकती है और इसे गैंगवार के नजरिए से भी देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस ने गैंगवार की आशंका को पूरी तरह खारिज कर दिया है और मामले की जांच अन्य पहलुओं से भी की जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज में क्या आया सामने?

इस घटना से जुड़ा करीब 2 मिनट का एक सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो की टाइमलाइन के अनुसार रात लगभग 10:25 बजे एक कार वहां आकर रुकती है, जिसके बाद उसमें से चार हमलावर उतरते हैं। इसके बाद कुछ ही पलों में सभी हमलावर हथियारों के साथ वारदात को अंजाम देते हैं और करीब 2 मिनट के अंदर ही मौके से फरार हो जाते हैं। फुटेज में यह भी देखा जा सकता है कि एक हमलावर तीन बार फायरिंग करने के लिए गाड़ी से बाहर आता है और जब फायर नहीं होता तो वह अपनी मैगजीन बदलता हुआ नजर आता है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article