Pune News: महाराष्ट्र के पुणे जिले के चाकन इलाके से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां आवारा कुत्तों के झुंड ने एक महिला पर अचानक हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला खुद को बचाने के लिए पत्थर उठाकर कुत्तों को भगाने की कोशिश करती हुई दिखाई दीं। हालांकि, कुत्तों के आक्रामक झुंड के सामने उनकी कोशिशें नाकाम साबित हुईं और करीब 15 मिनट तक चले इस हमले के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। यह घटना इलाके में दहशत और चिंता का माहौल पैदा कर रही है।
कब हुआ हादसा?
मृत महिला की पहचान शोभा विजय वाघमारे के रूप में हुई है। वह मूल रूप से नांदेड़ जिले के देगलूर क्षेत्र की निवासी थीं और वर्तमान में चाकन इलाके में रह रही थीं। बताया जा रहा है कि सोमवार 16 मार्च की देर रात करीब 2 बजे वह अंबेटन चौक के पास फ्लाईओवर के नीचे स्थित सर्विस रोड पर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान अचानक करीब छह आवारा कुत्तों का झुंड उन पर टूट पड़ा और हमला कर दिया।
अकेली पड़ गई महिला
CCTV फुटेज में साफ तौर से दिखाई दिया कि महिला ने खुद को बचाने के लिए पत्थर उठाकर कुत्तों को दूर भगाने की पूरी कोशिश की। हालांकि, छह आवारा कुत्तों के झुंड के सामने वह अकेली पड़ गईं और उनकी कोशिशें नाकाम रहीं। हमले के दौरान कुत्तों ने उनके हाथ, पैर, चेहरा और गर्दन पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। ज्यादा खून बह जाने की वजह से करीब 15 मिनट के अंदर ही उन्होंने घटनास्थल पर दम तोड़ दिया।
इलाके में मची सनसनी
सुबह जब आसपास के लोगों की नजर महिला के अर्धनग्न शव पर पड़ी तो इलाके में सनसनी और भय का माहौल फैल गया। शुरुआती तौर पर लोगों ने हत्या या यौन उत्पीड़न जैसी आशंकाएं जताई थीं। लेकिन CCTV फुटेज की जांच के बाद पुलिस ने साफ किया कि महिला की मौत आवारा कुत्तों के हमले के कारण ही हुई थी। इस हृदयविदारक घटना के बाद चाकन क्षेत्र में आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। घटना से स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है और लोगों ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई करने तथा स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।
