शहर

कौन थे चंद्रनाथ रथ? जिनकी हत्या से उठा सियासी बवाल; कोलकाता में हाई अलर्ट

पश्चिम बंगाल के प्रमुख भाजपा पार्टी के चेहरे सुवेंदु अधिकारी के करीबी निजी सहायक (PA) और एक स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता थे। वे लंबे समय से सुवेंदु के साथ चल रहे हैं। अधिकांश समय वे चुनावी रैलियों में उनके साथ दिखाई देते थे।

Image

कौन थे चंद्रनाथ रथ

पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में आने के बाद हिंसा को लेकर आशंका जताई जा रही थी। हालांकि, भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात हैं, लेकिन बंगाल में इसके विपरीत घटनाएं हो रही हैं। बुधवार की रात ममता के राजनीतिक विरोधी सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की मध्यमग्राम में तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। उनकी हत्या से सियासी बवाल शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के तमात नेता टीएमसी के लोगों पर हत्या का सीधा आरोप लगा रहे हैं। जानकारी ये भी है कि रथ की चुनाव मतगणना के दिन टीएमसी के कार्यकर्ताओं के साथ उनकी बहस हुई थी। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि ये उसी का परिणाम है। हालांकि, अभी कोलकाला में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

कैसे हुई सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या

चंद्रनाथ रथ की हत्या से पश्चिम बंगाल में राजनीतिक तनाव बढ़ा दिया है और सुवेंदु अधिकारी ने खुद इस हत्या की पुष्टि की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने रथ की कार का पीछा किया, उसे रोका और उन पर गोली चला दी। हमला करने के तुरंत बाद हमलावर फरार हो गए। रथ ड्राइवर के बगल में आगे की सीट पर बैठे थे। रथ के ड्राइवर को भी गोली लगी और उन्हें कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय समाचार चैनलों के अनुसार, गोलीबारी में रथ गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि पीड़ित को मृत अवस्था में लाया गया था। छाती पर कई गोलियां लगी थीं, एक गोली उनके पेट में भी लगी थी।

घटना के चलते तनाव के बीच इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। सूत्रों के अनुसार, गोलीबारी में शामिल लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

कौन थे चंद्रनाथ रथ?

पश्चिम बंगाल के प्रमुख भाजपा पार्टी के चेहरे सुवेंदु अधिकारी के करीबी निजी सहायक (PA) और एक स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता थे। कहा जा रहा है कि वे सुवेंदु अधिकारी के लंबे समय से भरोसेमंद सहयोगी रहे हैं और चुनावी रैलियों में अक्सर उनके साथ दिखाई देते थे। जानकारी ये है कि करीब 5 साल से वे अधिकारी के कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, रथ ने भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र में शुभेंदु अधिकारी के चुनाव प्रचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जहां भाजपा नेता ने तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी को हराया।

चंद्रनाथ रथ का रिश्ता सुवेंदु और उनके परिवार से दो दशक से भी ज्यादा पुराना था। चंद्रनाथ मूल रूप से पूर्वी मेदिनीपुर जिले के चांदीपुर इलाके के रहने वाले थे। यही जिला सुवेंदु अधिकारी की राजनीति का मजबूत गढ़ माना जाता है। चंद्रनाथ का जीवन राजनीति से पहले पूरी तरह अलग था। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई रहारा रामकृष्ण मिशन (Rahara Ramakrishna Mission) से पूरी की। छात्र जीवन में वे आध्यात्मिक विचारों से काफी प्रभावित थे और कुछ समय तक उन्होंने साधु जीवन अपनाने के बारे में भी सोचा था। लेकिन बाद में उन्होंने देश सेवा का रास्ता चुना और भारतीय वायु सेना में शामिल हो गए।

भारतीय वायु सेना में दी सेवा

चंद्रनाथ ने करीब 20 वर्षों तक भारतीय वायु सेना में सेवा दी। वहां उन्होंने अनुशासन, शांत स्वभाव और जिम्मेदारी के साथ काम किया। वायु सेना से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद उन्होंने कुछ समय कॉर्पोरेट सेक्टर में भी काम किया। इसके बाद उनका झुकाव धीरे-धीरे राजनीति और संगठनात्मक कामों की ओर बढ़ने लगा। चंद्रनाथ का परिवार पहले तृणमूल कांग्रेस से जुड़ा हुआ था। उनकी मां हासी रथ स्थानीय पंचायत राजनीति में सक्रिय थीं। साल 2020 में जब सुवेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा जॉइन की, तब चंद्रनाथ का परिवार भी उनके साथ भाजपा में शामिल हो गया।

तृणमूल कांग्रेस ने हत्या की निंदा की

हालांकि, तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने चंद्रनाथ रथ की हत्या की निंदा की और घटना की अदालत की निगरानी में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की। टीएमसी ने एक बयान में कहा कि हम मध्यमग्राम में चंद्रनाथ रथ की हत्या की कड़ी निंदा करते हैं, साथ ही पिछले तीन दिन में भाजपा समर्थित उपद्रवियों द्वारा चुनाव बाद की हिंसा की कथित घटनाओं में तीन टीएमसी कार्यकर्ताओं की हत्या की भी निंदा करते हैं। ये घटनाएं ऐसे समय हुई हैं जब राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू है।

पार्टी ने कहा कि हम इस मामले में अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच सहित कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं ताकि जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उन्हें बिना किसी देरी के न्याय के कटघरे में लाया जा सके। टीएमसी ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और राजनीतिक हत्याओं का कोई स्थान नहीं है और दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article