शहर

Ahmedabad News: कब बनकर तैयार होगा 16 फ्लोर वाला अहमदाबाद स्टेशन, हेरिटेज टच के साथ मिलेगी ये सुविधाएं

अहमदाबाद में देश का सबसे ऊंचा ट्रांसपोर्ट हब बनाने की तैयारी की जा रही है। 16 फ्लोर वाले अहमदाबाद स्टेशन ऊंचाई और डिजाइन के साथ मिलने वाली सुविधाओं के लिए भी जाना जाएगा। बता दें कि इस स्टेशन से रेलवे, मेट्रो, बस और बुलेट ट्रेन सबको एक स्थान पर जोड़ा जाएगा।

Image

कब बनकर तैयार होगा 16 फ्लोर वाला अहमदाबाद स्टेशन (Photo - The Index of Gujarat X)

Ahmedabad News: गुजरात का अहमदाबाद रेलवे स्टेशन एक ऐतिहासिक बदलाव की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसे देश के सबसे ऊंचे और सबसे आधुनिक 16 मंजिला मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह परियोजना न केवल गुजरात बल्कि पूरे देश के लिए अत्याधुनिक परिवहन ढांचे का नया मानक साबित होगी। रेलवे के अनुसार, इस भव्य परियोजना का काम तेजी से किया जा रहा है और इसे जुलाई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

डिजाइन और सुविधाओं में होगा सर्वश्रेष्ठ

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, नया अहमदाबाद स्टेशन अपनी ऊंचाई, डिजाइन और सुविधाओं के कारण पूरी तरह अलग और आधुनिक स्वरूप में दिखाई देगा। यह केवल एक रेलवे स्टेशन नहीं होगा, बल्कि यात्रियों, पर्यटकों और शहरवासियों के लिए एक मल्टीपर्पस संरचना होगी। इस 16-फ्लोर हब में विशाल पार्किंग स्पेस, ऑफिस परिसर, कमर्शियल एरिया और यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी।

रेलवे, मेट्रो और बस एक स्थान पर

खास बात यह है कि स्टेशन को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि सभी तरह के परिवहन साधनों जैसे रेलवे, मेट्रो, बस सेवा और बुलेट ट्रेन को एक ही स्थान पर जोड़ जाए। यात्रियों को एक मंच पर सभी कनेक्टिविटी मिल जाएगी, जिससे यात्रा बेहद सुविधाजनक बन जाएगी।

अहमदाबाद स्टेशन की वास्तुकला में हेरिटेज टच

स्टेशन के डिजाइन में शहर की पुरातन विरासत का स्पर्श भी जोड़ा गया है। बाहरी संरचना और आंतरिक वास्तुकला में हेरिटेज का खूबसूरत मेल होगा ताकि आधुनिकता के साथ अहमदाबाद की ऐतिहासिक पहचान भी बनी रहे। वेस्टर्न रेलवे के डीआरएम वेद प्रकाश ने परियोजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच का परिणाम बताया।

उन्होंने कहा, "यह 16 मंजिलों का स्टेशन प्रधानमंत्री मोदी के विजन का हिस्सा है। हमारा प्रयास है कि पूरा स्टेशन शहर के हर हिस्से से बेहतरीन तरीके से जुड़ा रहे ताकि किसी भी यात्री को यहां पहुंचने में परेशानी न हो।" उन्होंने यह भी बताया कि स्टेशन पुनर्विकास को इस रूप में तैयार किया जा रहा है कि आने वाले वर्षों में बढ़ते हुए यात्री दबाव को आसानी से संभाला जा सके। शहर के विभिन्न परिवहन नेटवर्क के साथ सीधी और सुगम कनेक्टिविटी इस परियोजना का सबसे बड़ा आकर्षण है।

स्टेशन के आसपास के इलाकों का भी होगा विकास

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन के आसपास का क्षेत्र भी विकसित किया जाएगा। बेहतर सड़कें बस कनेक्शन, मेट्रो लिंक और भविष्य की बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के साथ यह पूरा क्षेत्र अहमदाबाद का नया ट्रांसपोर्ट हब बनकर उभरेगा। यह परियोजना शहर के आर्थिक विकास व्यापार और पर्यटन को भी नई गति देने वाली है। स्थानीय लोगों में भी इस परियोजना को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। कई वर्षों बाद अहमदाबाद को ऐसा आधुनिक स्टेशन मिलने जा रहा है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस होगा।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहा author

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्... और देखें

End of Article