शहर

तमिलनाडु-बंगाल में मौसम का टॉर्चर, वोटिंग पर बादलों का साया! कहीं सूरज उगलेगा आग तो कहीं बारिश का कहर; मतदान % पर कितना असर?

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में 23 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। ऐसे में वोटिंग का मौसम पर क्या असर पड़ेगा? मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि तमिलनाडु में कहीं हीटवेव तो कहीं बारिश का मिलाजुला असर दिखाई दे सकता है तो पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों पर मेघ गर्जन के साथ बादल बरस सकते हैं। खराब मौसम का वोटिंग प्रतिशत पर असर दिखाई दे सकता है।

Image

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु पर वोटिंग डे का मौसम

देश के दो बड़े राज्यों में 23 अप्रैल 2026 को विधानसभा चुनाव के मतदान होने हैं। तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर एक ही दिन वोटिंग होनी है और पश्चिम बंगाल में पहले चरण के लिए 152 सीटों पर वोटिंग होगी और बाकी 142 सीटों पर दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को मतदान होगा। मतदान के दिन मौसम का वोटिंग प्रतिशत पर बड़ा असर पड़ सकता है। पश्चिम बंगाल में पहाड़ी और मैदानी दोनों इलाके शामिल हैं, जबकि तमिलनाडु में खासकर 1000 किमी. लंबी तटीय पट्टी पर गर्म और उमस भरे मौसम की संभावना व्यक्त की जा रही है।

उत्तर बंगाल में बारिश की संभावना

स्काईमेट ने बताया कि मौजूदा समय में उत्तर बांग्लादेश और पश्चिमी असम के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं, उत्तर बिहार से नागालैंड तक सब-हिमालयन पश्चिम बंगाल और असम के ऊपर एक ट्रफ (द्रोणिका) फैली हुई है। इसके प्रभाव से 23 अप्रैल को सब-हिमालयन पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है।

23 अप्रैल को बंगाल में कहां होगी बारिश

आईएमडी ने बताया कि अगले 24 के दौरान सिलीगुड़ी, कूचबिहार, अलीपुरद्वार, बिनागुड़ी, हाशिमारा, कुर्सियॉन्ग, दार्जिलिंग और कालिम्पोंग जैसे इलाके प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि, यह गतिविधियां आमतौर पर देर दोपहर, शाम या रात में होती हैं, जबकि सुबह और दोपहर का समय ज्यादातर साफ रहेगा।

गंगीय पश्चिम बंगाल में गर्मी

गंगीय पश्चिम बंगाल के इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा। बर्धमान, मालदा, मुर्शिदाबाद, मेदिनीपुर, पुरुलिया और झारग्राम जैसे क्षेत्रों में तापमान 36°C से 38°C के बीच रह सकता है। वहीं, पुरुलिया, पानागढ़ और बांकुड़ा जैसे कुछ स्थानों पर तापमान 40°C के करीब पहुंच सकता है। अधिक नमी के कारण उमस बढ़ेगी, जिससे खासकर दोपहर के समय गर्मी ज्यादा परेशान करेगी। इन इलाकों में बारिश की संभावना बहुत कम है।

तमिलनाडु में हीटवेव और बारिश की संभावना

दक्षिण भारत के अधिकतर राज्यों में भीषण गर्मी के संकेत हैं। तमिलनाडु के आंतरिक हिस्सों में तापमान 37-38°C से ऊपर रहने की संभावना है और कुछ जगहों पर यह 40°C तक पहुंच सकता है। गुरुवार को मदुरै, तंजावुर, सलेम, करूर, तिरुपुर, कोयंबटूर और धर्मपुरी जैसे इलाके ज्यादा प्रभावित होंगे। वहीं, तटीय क्षेत्रों जैसे चेन्नई, कुड्डालोर, तांबरम, टोंडी, नागपट्टिनम, पंबन, तूतीकोरिन और कन्याकुमारी में तापमान 35–36°C रहेगा, लेकिन नमी अधिक होने से मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा। उत्तर और मध्य तटीय इलाकों में शाम और रात के समय हल्की गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article