West Bengal Crime News: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के सरसुना इलाके से एक क्राइम का मामला सामने आया है। जहां प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद में एक युवक, उसके पिता और दोस्त के साथ मारपीट कर उन्हें जबरन निर्वस्त्र कर घुमाया गया। मामले में पुलिस ने युवती के पिता, मां और मामा को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, पांच दिन की पुलिस हिरासत
इस मामले में सरसुना पुलिस ने युवती के पिता, मां और मामा को गिरफ्तार किया है। तीनों को अलीपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। जांच के सिलसिले में पुलिस गिरफ्तार युवती के पिता और मामा को वापस बसुंधरा पार्क इलाके में ले गई। वहां घटना का पुनर्निर्माण किया गया, ताकि घटनाक्रम को समझने और जांच आगे बढ़ाने में मदद मिल सके। बताया गया है कि इस दौरान दोनों आरोपियों की कमर में रस्सी बांधकर उन्हें घटनास्थल से करीब 500 मीटर तक ले जाया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में मारपीट, जबरन निर्वस्त्र करने और तस्वीरें खींचने से जुड़े आरोपों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय क्या हुआ था और इसमें किसकी क्या भूमिका थी। प्रेम संबंध को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब गंभीर आपराधिक मामले में बदल गया है।
प्रेमी से बातचीत करते देख परिवार ने पकड़ा
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना सरसुना थाना क्षेत्र के बसुंधरा पार्क इलाके की है। आरोप है कि युवक और युवती सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान युवती के परिवार वालों ने दोनों को देख लिया। इसके बाद युवती के पिता कथित तौर पर युवक और उसके दोस्त को अपने घर ले गए। कुछ समय बाद युवक के पिता को भी फोन करके वहां बुलाया गया। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद युवक, उसके पिता और दोस्त के साथ मारपीट की गई।
पिता के सामने रखीं तीन शर्तें
आरोपों के मुताबिक, युवती के परिवार वालों ने युवक के पिता के सामने तीन शर्तें रखीं। पहली शर्त थी कि वह अपने बेटे को मार डाले। दूसरी शर्त यह थी कि ऐसा नहीं करने पर उसे गोली मार दी जाएगी। तीसरी शर्त के तौर पर तीनों को निर्वस्त्र होकर घर लौटने के लिए कहा गया। दावा है कि जान का खतरा होने के डर से युवक के पिता को तीसरी शर्त मानने के लिए मजबूर होना पड़ा। इसके बाद वे निर्वस्त्र हालत में करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर अपने घर पहुंचे।
