Ballia Crime News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसका भाई गंभीर रूप ये घायल हो गया। बताया जा रहा है को रेवती कस्बे में सब्जी की दुकान लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच झड़प हुई थी, जो इतना बढ़ गई कि बात लाठी-डंडे तक पहुंच गई। वारदात की सूचना मलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल शख्स का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बलिया क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि रविवार रात रेवती कस्बे के बीज गोदाम के पास धनजी तुरहा और सुनील तुरहा के बीच सब्जी की दुकान लगाने को लेकर विवाद हो गया, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। उन्होंने बताया कि इस दौरान लाठी, डंडे और सरिया से प्रहार किया गया, जिसमें धनजी तुरहा (40) और उनका भाई भुलन तुरहा गंभीर रूप से घायल हो गए। कुरैशी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद दोनों घायलों को तत्काल स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने धनजी तुरहा को मृत घोषित कर दिया। वहीं भुनन तुरहा को अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
पुलिस ने इन लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस उपाधीक्षक के अनुसार इस मामले में भुलन तुरहा की तहरीर पर सुनील तुरहा, उसकी मां मीना देवी, अमन साहनी, कुदरनी देवी समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए प्रयास कर रही है।
(इनपुट - भाषा)
