वाराणसी

Accident In Varanasi: वाराणसी में बच्ची रेल से गिरी तो पिता ने भी बचाने में गंवाई जान

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 14, 2022, 05:42 PM IST

Father and daughter fell from train in Varanasi: वाराणसी में एक रेल हादसे में बाप-बेटी दोनों ने जान गंवा दी। घटना मिर्जामुराद क्षेत्र की है। स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस से एक परिवार नई दिल्ली से बिहार जा रहा था। इसी दौरान बाप-बेटी हादसे के शिकार हो गए।

Image

वाराणसी में रेल हादसे में बाप-बेटी की मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • बहेड़वा हॉल्ट के पास चलती ट्रेन से गिरी थी बच्ची
  • बाप-बेटी को बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर में कराया गया था भर्ती
  • हादसे के बाद आधे घंटे तक खड़ी रही ट्रेन

Varanasi News: वाराणसी जिला अंतर्गत मिर्जामुराद क्षेत्र में सफर कर रहे बाप-बेटी की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। बहेड़वा हॉल्ट के पास स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस ट्रेन के गेट से तीन साल की बच्ची गिर गई। इस पर उसे बचाने के लिए उसके पिता भी ट्रेन से कूद गए। पुलिस ने इन दोनों को बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती करवाया, लेकिन डॉक्टरों ने देखते ही दोनों को मृत घोषित कर दिया।

इधर, इस हादसे की वजह से आधे घंटे तक ट्रेन खड़ी रही। पुलिस ने कहा है कि, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दरभंगा जा रहा था पूरा परिवार

दरअसल, नई दिल्ली से स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में सवार होकर पूरा परिवार बिहार के दरभंगा जिला जा रहा था। जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत घनश्यामपुर निवासी हीरा रइन अपनी पत्नी जरीना और तीन साल की बच्ची रोजी, साले फिरोज के साथ सफर कर रहे थे। ट्रेन के जनरल कोच में बहुत अधिक भीड़ होने के चलते ये लोग टीटीई से बात कर स्लीपर कोच में फर्श पर बैठकर सफर कर रहे थे। इसी बीच बेटी खेलते हुए ट्रेन के गेट से बाहर गिर गई। पिता हीरा अपनी बेटी को बचाने के लिए ट्रेन से कूद पड़ा।

यात्रियों ने की चेन पुलिंग

ट्रेन से बाप-बेटी के गिरने पर यात्रियों ने चेन पुलिंग कर दी। इस पर बहेड़वा हॉल्ट के पास ट्रेन रुकने पर घायल हीरा और बेटी रोजी के पास परिवार वाले पहुंचे। इसके बाद ट्रेन स्कॉर्ट के जवानों ने पुलिस को सूचना दी।

मानसिक रूप से बीमार लग रहा था हीरा

कोच के कुछ यात्रियों का कहना है कि, हीरा मानसिक रूप से बीमार लग रहा था। वह बोगी में अजीब हरकतें कर रहा था। इस पर उसकी पत्नी ने उसे कई बार डांटा भी था। मिर्जामुराद थाने के खजूरी चौकी प्रभारी रविकांत चौहान का कहना है कि, कुछ यात्रियों ने कहा है कि, हीरा अपनी बेटी के साथ ट्रेन से कूद जाने की बात कह रहा था। हालांकि परिजनों ने इस तरह की बात से इनकार किया है। हीरा के साले फिरोज का कहना है कि, टीटीई ने कहा था वाराणसी में स्लीपर बोगी में सीट उपलब्ध करवा देंगे। फिलहाल स्लीपर कोच के गेट के पास सफर कर लो। इधर, बाप-बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके रिश्तेदार पहुंचे। लोहता निवासी जरीना के मौसा अलाउद्दीन एवं मौसी ट्रामा सेंटर पहुंचे। हीरा के परिवार वाले सोमवार देर शाम तक पहुंचेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article