Death In GYM: वाराणसी में जिम में एक्सरसाइज कर रहे एक युवक की मंगलवार सुबह मौत हो गई। एक्सरसाइज के दौरान युवक के सिर में तेज दर्द हुआ और वह जमीन पर गिर पड़ा। आनन-फानन में युवक को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह पूरी घटना सीसीटीवी में भी रिकॉर्ड हुई है। आशंका जताई जा रही है कि उसकी ब्रेन स्ट्रोक के कारण मौत हुई है। यह दिल का आकार बढ़ने की वजह से होता है।
बॉडी बिल्डिंग करता था दीपक
यह घटना वाराणसी के सिद्धगिरी इलाके में स्थित एक जिम की है। जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय दीपक गुप्ता बनारस के चेतगंज के पियरी इलाके का निवासी था। वह अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ यहां रहता था। दीपक बॉडी बिल्डिंग किया करता था। मंगलवार को भी वह रोज की तरह जिम में पहुंचकर एक्सरसाइज करने लगा। तभी उसके सिर में अचानक दर्द हुआ तो वह उठ कर बैठ गया और अपना सिर पकड़ लिया। कुछ देर बाद ही वह बैठे-बैठे जमीन पर गिर गया और तड़पने लगा।
मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार
दीपक को जमीन पर तड़पता देख जिम में एक्सरसाइज करने वाले साथी युवकों ने उसे महमूरगंज के एक निजी अस्पातल में पहुंचाया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने शाम को मणिकर्णिका घाट पर दीपक का अंतिम संस्कार कर दिया है। दीपक की मौत को लेकर डॉक्टर ने आशंका जताई है कि दिल का आकार बढ़ जाने के कारण ऐसी समस्या होती है और कम उम्र में यह समस्या होने का खतरा ज्यादा होता है।
