Varanasi Crime news : वाराणसी में पुलिस ने दबिश देकर हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। करखियांव में शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने फूलपुर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी थी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें हत्या का आरोपी एवं हिस्ट्रीशीटर सदानंद यादव को गोली लगी। घायल सदानंद को पुलिस ने पिंडरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया है। गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से पुलिस ने नाइन एमएम की पिस्टल और हत्या में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है। बता दें कि चार दिन पहले ही पिंडरा में हुई अमन की हत्या एवं कृपाशंकर पर फायरिंग मामले में सदानंद यादव का नाम सामने आया था।
बड़ागांव और क्राइम ब्रांच, फूलपुर पुलिस ने की घेराबंदी
एसपी ग्रामीण सूर्यकांत त्रिपाठी का कहना है कि अमन की हत्या में वांछित सदानंद यादव के करखियांव अमूल फैक्ट्री के पीछे होने की सूचना फूलपुर पुलिस को मिली थी। सूचना थी कि वांछित अपने कुछ साथियों के साथ वहां इकट्ठा है। इसके बाद बड़ागांव और क्राइम ब्रांच, फूलपुर पुलिस ने उक्त स्थल की घेराबंदी शुरू की। पुलिस की घेराबंदी देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। फूलपुर थाना प्रभारी अभिषेक राय, बड़ागांव इंस्पेक्टर अश्वनी चतुर्वेदी और क्राइम ब्रांच प्रभारी सुनील सिंह की टीम की जवाबी फायरिंग में सदानंद यादव घायल हो गया। सदानंद केराकत थाना क्षेत्र के कटहरी का रहने वाला है।
कॉलेज से घर लौटते समय अमन को मारी थी गोली
पुलिस के मुताबिक सदानंद ने सोमवार की देर शाम को नेशनल इंटर कॉलेज से घर वापस जाते समय मीरपुर निवासी 20 वर्षीय अमन यादव को गोली मार दी थी। इसमें अमन की बाइक पर सवार जौनपुर देवकली निवासी 24 वर्षीय कृपाशंकर यादव घायल हो गया था। पुलिस का कहना है कि सदानंद पर केराकत सहित कई थानों में लूट, आर्म्स, गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मुठभेड़ में बाल-बाल बचे फूलपुर थाना प्रभारी
एसपी ग्रामीण सूर्यकांत त्रिपाठी का कहना है कि सदानंद और उसके साथियों द्वारा की गई फायरिंग में फूलपुर थाना प्रभारी अभिषेक सिंह बाल-बाल बच गए। बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में अभिषेक के बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली जा फंसी। एसपी ग्रामीण ने कहा कि मुठभेड़ के दौरान फरार हुए बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। बहुत जल्द फरार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
