Varanasi News: वाराणसी में साइबर ठगों को पुलिस एवं साइबर सेल ने बड़ा झटका दिया है। साइबर ठगों के जाल से पुलिस ने इस साल अब तक 52 लाख 25 हजार 719 रुपए वापस पीड़ितों को दिलवाए हैं। साइबर ठगी के शिकार हुए लोगों द्वारा तत्काल पुलिस को जानकारी दिए जाने के बाद साइबर सेल ने जालसाजों के खाते से रकम की बरामदगी की है। पुलिस विभाग के मुताबिक अनिल बजाज, सूर्यप्रताप सिंह, अरुण कुमार उपाध्याय, प्रो. अरविंद कुमार सिंह की रकम लौटाई गई है।
इन सभी ने शनिवार की देर शाम पुलिस कमिश्वर ए सतीश गणेश से मिलकर उनको धन्यवाद दिया है। वहीं, पुलिस कमिश्नर ने साइबर सेल की टीम को प्रशस्ति पत्र दिया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक साइबर फ्रॉड बैंक अधिकारी, बिजली विभाग के अधिकारी, कोरियर कंपनी के कर्मी बनकर लोगों से एटीएम पिन, सीवीवी और ओटीपी पूछकर खाते से रुपए उड़ा रहे हैं।
साइबर फ्रॉड के शिकार होने पर यहां करें शिकायत
पुलिस ने बताया कि, साइबर ठगी का शिकार होने पर आप तत्काल विभाग को सूचना दें। इसके लिए पीड़ित को 1930 पर कॉल करना है। इस निशुल्क नंबर पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करवाए। इसके अतिरिक्त कमिश्नरेट वाराणसी से संबंधित मामला होने पर साइबर सेल के नंबर 7839856954 पर कॉल करना है।
साइबर फ्रॉड से बचने के तरीके
पुलिस एवं साइबर सेल की टीम ने आम लोगों से अपील की है कि, साइबर ठगों के जालसाजी से आप कुछ जानकारी रखकर बच सकते हैं। इन्होंने बताया कि, अपने मोबाइल में किसी के भी कहने पर स्क्रीन शेयरिंग एप जैसे एनी डेस्क, क्वीक सपोर्ट टीम व्यूवर आदि इंस्टॉल नहीं करें। गूगल सर्च पर कस्टमर केयर के नाम से उपलब्ध नंबरों पर बिना जांच विश्वास नहीं करें। लोन सिर्फ विश्वनीय बैंक या आर्थिक संस्थान से लें। क्रेडिट कार्ड एक्टीवेशन, ब्लॉक, केवाईसी के नाम पर किसी भी शख्स को बैंक संबंधित जानकारी नहीं देनी है।
