Varanasi: यूपी के बलिया में एक नाबालिग किशोर का शव धान के खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना नगरा थाना इलाके के गांव डिहवा की है। जहां खेत में 17 वर्षीय नाबालिग का शव मिला है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस खेत में पहुंची व मामले के बारे में जानकारी जुटाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बलिया एसपी भी मौके पर पहुंचे। इसके अलावा जांच के लिए एसओजी व एफएसएल की टीम को भी घटना स्थल पर बुलाया गया। एफएसएल की टीम ने मौके से कुछ साक्ष्य जुटाए हैं।
इस मामले को लेकर एसपी ने बताया कि नाबालिग किशोर का शव घर से एक किमी दूर खेत में मिला है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। वहीं नगरा थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है। एसपी के मुताबिक मृतक के गले में काला निशान होने की वजह से प्रथम दृष्टया ये हत्या का मामला लग रहा है। हालांकि पुलिस को मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है।
रामलीला देखने गया था किशोरनगरा थाने के एसएचओ देवेंद्र नाथ दुबे के मुताबिक गांव डिहवा निवासी शिवम यादव (17) रात्रि में खाना खाने के बाद गांव में चल रही रामलीला देखने गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। उसका शव गांव के निकट एक खेत में पड़ा मिला। सुबह शौच के लिए गए कुछ गांव के लोगों ने उसके शव को देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
एसएचओ के मुताबिक जानकारी मिलन के बाद घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। एसएचओ के मुताबिक मृतक शिवम तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता शैलेंद्र यादव व दोनों बड़े भाई पिता के साथ बाहर रहते हैं। गांव में घर पर अपनी मां के साथ शिवम रहता था। हादसे के बाद घर में कोहराम मच गया। परिजनों को रो- रो कर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने घटना की जानकारी उसके पिता को दी।
