वाराणसी: देश में मौजूदा दौर में वंदे भारत ट्रेनें अलग-अलग रूटों पर चल रही हैं। सरकार का प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा शहरों के लोग इस हाई स्पीड ट्रेन का फायदा उठा सकें। इसी उद्देश्य से देश की पहली वंदे भारत ट्रेन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से चलाई गई थी। इसके बाद कारवां बढ़ता गया और ट्रेनों की संख्या में तेजी के साथ इजाफा होता गया। नई दिल्ली से वाराणसी, नई दिल्ली से माता वैष्णो देवी कटरा, गांधीनगर-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस, नई दिल्ली-अंब अंदौरा वंदे भारत एक्सप्रेस, चेन्नई-मैसूर वंदे भारत एक्सप्रेस, नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस समेत कई शहरों के लोगों को रफ्तार का मजा मिल रहा है। लिहाजा, आज हम आपको उन खास वंदे भारत ट्रेनों के बारे में बताएंगे जो मुख्य रूप से तीर्थ क्षेत्रों को कवर करती हैं।
वाराणसी-दिल्ली वंदे भारत
साल 2019 में दिल्ली और वाराणसी के बीच देश की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा शुरू होने के बाद काशी यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा हो गई। लोग इस हाई स्पीड ट्रेन के जरिए वाराणसी पहुंचकर आराम से बनारस दर्शन कर रहे हैं। इससे बाबा विश्वनाथ के दर्शन और भी सुलभ हो गए हैं। लोग कम समय में दिल्ली से काशी भ्रमण के लिए पहुंच सकते हैं। यह ट्रेन सुबह 6 बजे वाराणसी से रवाना होगी और दोपहर 2 बजे राजधानी नई दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन प्रयागराज, कानपुर स्टेशन पर ठहराव लेगी। वहीं, वापसी में यह ट्रेन दोपहर 3 बजे नई दिल्ली से चलकर रात 11 बजकर 30 मिनट पर वाराणसी पहुंचेगी।
भोपाल-उज्जैन वंदे भारत
इसके बाद महाकाल मंदिर उज्जैन और अजमेर शरीफ मंदिर तक वंदे भारत ट्रेन दौड़ रही है। बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आने भक्तों के लिए 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन संचालित हो रही है। इंदौर से भोपाल और भोपाल से इंदौर के बीच 248 किमी की यात्रा महज 3 घंटे 20 घंटे में पूरी करती है। रविवार छोड़ सप्ताह में 6 दिन चल रही है।
दिल्ली-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन
इसके अलावा जम्मू स्थित माता वैष्णों के दर्शन की लालसा रखने वाले भक्तों के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस नई दिल्ली से सुबह 6 बजे कटरा के लिए चलती है और दोपहर 2 बजे कटरा यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचा देती है। आपको बता दें कि कटरा पहुंचने से पहले यह ट्रेन अंबाला, लुधियाना और जम्मू तवी जैसे स्टेशनों में 2-2 मिनट के लिए रुकती है। ये ट्रेन 130 किलोमीटर की गति से चलती है। इस ट्रेन की अधिकतम गति 130 किलोमीटर है।
अयोध्या धाम-आनंद विहार वंदे भारत
30 दिसंबर 2023 को पीएम मोदी ने अयोध्या धाम स्टेशन से 6 नई वंदे भारत और 2 अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई हैं। यह अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन से पहले दिल्ली से अयोध्या जाने वाले यात्रियों के लिए एक बहुत बड़ी सौगात है। वंदे भारत ट्रेन दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन से 8 घंटे 20 मिनट के सफर में अयोध्या पहुंचा देगी। इस ट्रेन का किराया भी किफायती है। यह वंदे भारत ट्रेन दिल्ली से अयोध्या तक हफ्ते में 6 दिन चलेगी। ऐसे में अयोध्या दर्शन की लालसा रखने वाले यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा होगी। यह सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर दिल्ली के आनंद विहार से रवाना होगी और दोपहर 11 बजे कानपुर पहुंच जाएगी। फिर वहां से 12 बजकर 25 मिनट पर लखनऊ पहुंचेगी। लखनऊ से यह ट्रेन 12 बजकर 30 मिनट पर रवाना होकर दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर अयोध्या पहुंचेगी।
अमृतसर-नई दिल्ली वंदे भारत ट्रेन
हाल ही में अमृतसर-नई दिल्ली वंदे भारत ट्रेन भी शुरू हो गई है। अगर, आप स्वर्ण मंदिर का दीदार करना चाहते हैं तो यह ट्रेन बेस्ट ऑप्शन बनकर आई है। यह अमृतसर-नई दिल्ली के बीच कुल 448 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह ट्रेन फुल स्पीड में 4 घंटे 20 मिनट का समय लेगी। बता दें कि अगर, आप नई दिल्ली से अमृतसर के लिए वंदे भारत से जाना चाहते हैं तो यह ट्रेन दोपहर 3:15 बजे रवाना होगी। रात 9:45 बजे इसके अमृतसर पहुंचने का समय है। खास बात यह भी है कि इस ट्रेन के कुल 6 स्टॉपेज बनाए गए हैं, जिनमें ब्यास, जालंधर कैंट, फगवाड़ा, लुधियाना, साहनेवाल और अंबाला जंक्शन स्टेशन शामिल हैं।
तो यात्री वंदे भारत ट्रेन के जरिए इन तीर्थ स्थानों की यात्रा आसानी से कर सकते हैं। इसमें प्रत्येक रूट के लिए समय और किराया अलग-अलग निर्धारित है।
