शहर

कोलकाता पंडाल हादसे के बाद अमित शाह ने रद्द किए रविवार के सभी कार्यक्रम, अस्पतालों में घायलों से करेंगे मुलाकात

कोलकाता के चोरबागान सर्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में हुए भीषण हादसे के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। वे आज अस्पताल में घायलों से मुलाकात करेंगे।

Image

घायलों से मिलेंगे गृहमंत्री

Photo : PTI

उत्तर कोलकाता के चोरबागान सर्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम बारिश के बीच अचानक मची भीषण भगदड़ में 19 श्रद्धालुओं की मौत के बाद केंद्र सरकार पूरी तरह हरकत में आ गई है। दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे पर कोलकाता पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस त्रासदी के मद्देनजर रविवार को होने वाले अपने सभी पूर्व-निर्धारित राजनीतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है। गृह मंत्री आज कोलकाता के मध्य क्षेत्र स्थित कोलकाता मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पहुंचेंगे, जहां इस दर्दनाक हादसे में घायल हुए श्रद्धालुओं का इलाज चल रहा है।

अमित शाह ने सीएम सुवेंदु अधिकारी से ली घटना की जानकारी

हादसे की खबर मिलते ही केंद्रीय गृह मंत्री ने तुरंत पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से फोन पर बातचीत की और स्थिति का विस्तृत ब्यौरा लिया। अमित शाह ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार राहत और बचाव कार्यों में राज्य प्रशासन की हरसंभव मदद कर रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने लिखा कि "अभी-अभी कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ का अत्यंत दु:खद समाचार मिला। इस संबंध में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी जी से बात की। इस हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं और परिवारजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। पश्चिम बंगाल के अपने कल (रविवार) के सभी कार्यक्रम स्थगित कर अस्पताल जाकर घायलों से मिलूंगा। मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"

19 की मौत और 25 घायल, पीएम मोदी ने भी जताया दुख

उल्लेखनीय है कि शनिवार शाम भारी बारिश के बीच चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में अचानक भीड़ का भारी दबाव बन जाने से भगदड़ मच गई थी। इस दर्दनाक हादसे में 19 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 25 अन्य घायल हैं। हादसे के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा दुख व्यक्त किया था और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपये तथा घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि का ऐलान किया था।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article