शहर

सोलन में स्कॉर्पियो की वजह से हाईवे पर हंगामा, लोगों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश का आरोप, चालक हिरासत में

सोलन में NH-5 पर सब्जी मंडी के पास हरियाणा नंबर की स्कॉर्पियो के चालक पर निजी बस के शीशे तोड़ने और लोगों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश का आरोप है। पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया है।

Image

सोलन में स्कॉर्पियो की वजह से हाईवे पर हंगामा

Photo : Times Now Digital

Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन में नेशनल हाईवे-5 पर सब्जी मंडी के पास एक स्कॉर्पियो ड्राइवर के हंगामे से अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि हरियाणा नंबर की एक स्कॉर्पियो के चालक ने पहले एक प्राइवेट बस के शीशे तोड़ दिए और मौके से फरार हो गया। इसके बाद में जब वह दोबारा वहां लौटकर आया, तो लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की। इस दौरान ड्राइवर पर गाड़ी से लोगों को कुचलने की कोशिश करने का आरोप लगा है।

लोगों को कुचलने की कोशिश का आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ड्राइवर ने गाड़ी तेज रफ्तार से दौड़ाई, जिससे कई लोग उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिला। भीड़ ने दूसरी लेन में स्कॉर्पियो को घेर लिया, उसके सभी शीशे चकनाचूर कर दिए और ड्राइवर की बीच सड़क पर जमकर धुनाई कर दी। घटना के दौरान हाईवे पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

हाईवे पर लगा लंबा जाम

इस हंगामे के चलते नेशनल हाईवे पर मीलों लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी के बीच वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ शुरू कर दी है। उससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने कथित तौर पर निजी बस के शीशे क्यों तोड़े और बाद में गाड़ी से लोगों को टक्कर मारने जैसी स्थिति क्यों पैदा हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article