शहर

Balrampur Accident: बलरामपुर में दुर्गा पंडाल में कार घुसने से बड़ा हादसा, तीन लोगों की मौत

बलरामपुर में शनिवार रात करीब 10:30 बजे तेज रफ्तार कार दुर्गा पंडाल में घुस गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए। पुलिस ने कार और चालक को पकड़ लिया है।

Image

दुर्गा पंडाल में घुसी तेज रफ्तार कार घुसने से दर्दनाक हादसा

Photo : Times Now Digital

Balrampur Car Accident: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में शनिवार रात एक तेज रफ्तार कार दुर्गा पंडाल में घुस गई। हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने ड्राइवर को कार समेत हिरासत में ले लिया है।

यह घटना कोतवाली देहात क्षेत्र के चरन गहिया बेल्हा गांव में रात करीब 10:30 बजे हुई। जानकारी के मुताबिक, गांव में सड़क किनारे दुर्गा माता का मंदिर है। मंदिर के बगल में सड़क से नीचे टेंट लगाकर पर्दे पर वीडियो दिखाया जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर वहां पहुंची और टेंट को तोड़ते हुए पंडाल में मौजूद लोगों को कुचल दिया। कार की चपेट में आने से सात लोग घायल हो गए। हादसे में एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई, जबकि कार को भी नुकसान पहुंचा।

तीन लोगों की इलाज के दौरान मौत

हादसे में घायल तीन लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। जिनकी पहचान मनोज सिंह (30), गणेश कुमार (40) और पातेश्वरी (36) के रूप में हुई है। वहीं, छेदी गुप्ता, डब्लू गुप्ता, मुकेश तिवारी और धूप राम घायल हुए हैं। इनका अस्पताल में इलाज जारी है। घटना में कुछ अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आईं, लेकिन वे अस्पताल नहीं पहुंचे।

कार ड्राइवर के नशे में होने का आरोप

घटनास्थल पर मौजूद जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि वह रात करीब 10 बजे तक पंडाल में थे। इसी दौरान फोन आने पर वह मंदिर चले गए। उनके मुताबिक, उनके मंदिर जाने के कुछ ही देर बाद कार पंडाल में घुस गई। उन्होंने कहा कि अगर वह पंडाल में मौजूद रहते, तो हादसे की चपेट में आ सकते थे। एक प्रत्यक्षदर्शी ने आरोप लगाया कि कार का ड्राइवर शराब के नशे में था। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

चालक हिरासत में, पुलिस कर रही जांच

हादसे की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली और देहात कोतवाली की पुलिस के साथ नगर क्षेत्राधिकारी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह के अनुसार, पुलिस ने घेराबंदी कर कार को पकड़ लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article