Kushinagar News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां अस्पताल से एक नवजात बच्चा जन्म के अगले दिन ही गायब हो गया। इस घटना से अस्पताल में हड़कंप मच गया। परिवार ने एक स्टाफ नर्स पर बच्चे को गायब करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अस्पताल के स्टाफ से पूछताछ कर रही है। लेकिन अभी तक बच्चे का पता नहीं चल सका है।
नर्स ने कहा बच्चे को सांस लेने में दिक्कत
यह घटना कुशीनगर मेडिकल कॉलेज की है जिसके SNCU (विशेष नवजात देखभाल इकाई) से एक दिन का नवजात बच्चा गायब हो गया। पुलिस के अनुसार प्रदीप कुमार की पत्नी रीना ने मंगलवार शाम को बच्चे को जन्म दिया। एक नर्स ने शिशु के सांस लेने में दिक्कत होने की बात कहकर उसे एसएनसीयू में भर्ती कराया। बुधवार सुबह, जब प्रदीप अपने बच्चे को देखने गए, तो रजिस्टर में नाम होने के बावजूद बच्चा वार्ड से गायब था।
क्षेत्राधिकारी को सौंपी गई जांच
परिवार ने एक स्टाफ नर्स पर नए जन्मे बच्चे को जानबूझकर गायब करने का आरोप लगाया और अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस पहुंची और ड्यूटी पर मौजूद नर्सों और गार्डों से पूछताछ की। बाद में, अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सिद्धार्थ वर्मा और पडरौना के पुलिस क्षेत्राधिकारी भी पूछताछ के लिए अस्पताल पहुंचे। वर्मा ने कहा कि बच्चे का गायब होना एक “गंभीर मामला” है और क्षेत्राधिकारी को जांच सौंपी गई है। ड्यूटी पर तैनात गार्डों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस बच्चे की तलाश में लगी है, लेकिन अभी तक उसे बरामद नहीं किया जा सका है।
(इनपुट - भाषा)
