वाराणसी

Varanasi Tent City: वाराणसी टेंट सिटी की 20 जनवरी तक की बुकिंग फुल, रविवार से आएंगे पर्यटक

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 14, 2023, 01:27 PM IST

Varanasi Tent City Update: वाराणसी में बसाई गई टेंट सिटी का उद्घाटन हो चुका है। अब इसमें पर्यटक रहना शुरू करेंगे। टेंट सिटी का ट्रायल भी पूरा कर लिया गया है। इसमें सरकारी कर्मचारी एवं पदाधिकारी एक रात बीता कर देख चुके हैं कि कोई परेशानी तो नहीं है। टेंट सिटी फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाओं से लैस है। पर्यटकों को ठंड नहीं लगे, उसके लिए ब्लोवर की व्यवस्था की गई है।

Image

वाराणसी में रेती पर बनी टेंट सिटी, जिसमें रविवार से ठहरेंगे पर्यटक

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • दक्षिण भारतीय ने कराई है सबसे अधिक बुकिंग
  • बुकिंग कराने वालों में यूके, यूएसए, कनाड़ा और जर्मनी के भी लोग
  • टेंट सिटी के अंदर मांस-मदिरा का नहीं कर सकते हैं सेवन

Varanasi News: शहर की गंगा नदी के पार टेंट सिटी में रविवार से पर्यटक प्रवास करेंगे। काशी के मंदिरों की तर्ज पर बसाई गई इस टेंट सिटी का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। शाम को रेत पर रंग-बिरंगी लाइट के बीच पर्यटक यहां की खूबसूरती देख सकेंगे। रेत पर बसाई गई टेंटी सिटी में धर्म और अध्यात्म का समावेश है। काशी विश्वनाथ धाम के बाद टेंट सिटी देसी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है।

टेंट सिटी की 15 जनवरी से 20 जनवरी तक की बुकिंग फुल हो गई है। सबसे अधिक पर्यटक दक्षिण भारतीय हैं। बुकिंग कराने वालों में 70 प्रतिशत घरेलू पर्यटक और 30 प्रतिशत विदेशी पर्यटक हैं। इन 70 प्रतिशत पर्यटकों में 55 प्रतिशत दक्षिण भारतीय हैं। जबकि 30 प्रतिशत विदेशी पर्यटक हैं। इनमें यूके, यूएसए, कनाडा और जर्मनी के लोग हैं।

सुरक्षा के लिए 400 से अधिक कैमरे लगाए गए

टेंट सिटी संचालक ने पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। इसके लिए एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। टेंट सिटी के कमरों में एल शेप के स्मार्ट लॉकर बनाए गए हैं। दो अस्थाई पुलिस का भी निर्माण कराया गया है। टेंट सिटी के अंदर मांस और मंदिरा का सेवन नहीं किया जाना है। पर्यटकों को यहां नाव से आवागमन करवाया जाएगा। काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन और हर दिन गंगा आरती कराई जाएगी। गंगा स्नान के लिए टेंट सिटी में भी कुंड बनाया गया है। वॉच टावर से गंगा और उसके पार का नजारा दिखेगा। सभी पर्यटकों को बनारसी खान-पान एवं यहां की सभ्यता-संस्कृति से अवगत कराया जाएगा।

टेंट सिटी में एक साथ रह सकते हैं 800 लोग

इस टेंट सिटी में एक समय पर 800 लोग साथ रह सकते हैं। इसके अंदर गेमिंग जोन, रेस्टोरेंट, डायनिंग एरिया, कांफ्रेंस हॉल, स्पा, योग केंद्र, लाइब्रेरी और आर्ट गैलरी बनाई गई है। इसके अतिरिक्त वाटर स्पोर्ट्स, कैमल एवं हॉर्स राइडिंग समेत सांस्कृति गतिविधियां आयोजित होंगी। शादी-विवाह के लिए एक विशेष हॉल है। पर्यटकों को टेंट सिटी में ठहरने के लिए 6 हजार से 30 हजार रुपए तक की बुकिंग करानी होगी। 15 दिसंबर से ऑनलाइन बुकिंग जारी है। टेंट सिटी में डीलक्स, सुपर डीलक्स, प्रीमियम और गंगा दर्शन विला में बुकिंग करा सकते हैं। इन कॉटेज में अलग-अलग लग्जरी सुविधाएं हैं। डीलक्स एसी एक रात के लिए 7500 रुपए, प्रीमियम एसी के लिए 10 हजार, काशी सुइट्स के लिए 12 हजार और गंगा दर्शन विला के लि 20 हजार रुपए भुगतान करना होगा।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article