शहर

वैशाली में ज्वेलरी दुकान का ताला-तिजोरी काटकर 400 ग्राम सोना और 13 किलो चांदी ले उड़े चोर, CCTV में कैद हुई वारदात

Vaishali News: बिहार के वैशाली जिले के बिदुपुर में हनुमान मंदिर के सामने स्थित संजय ज्वेलर्स से चोरों ने करीब 400 ग्राम सोना और 13 किलो चांदी के आभूषण चुरा लिए। तड़के करीब 4 बजे हुई वारदात दुकान के CCTV में कैद हुई है और व्यापारियों ने रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है।

Image

CCTV में दिख रहे चोर

Vaishali News: बिहार के वैशाली जिले के बिदुपुर में चोरों ने एक ज्वेलरी की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना तड़के सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। बिदुपुर हनुमान मंदिर के सामने स्थित संजय ज्वेलर्स में करीब आठ की संख्या में पहुंचे चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया और सामान लेकर फरार हो गए। दुकानदार के मुताबिक, वह रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह दुकान का ताला टूटा हुआ देखकर स्थानीय लोगों ने फोन कर उन्हें घटना की सूचना दी। दुकान पहुंचने के बाद चोरी की घटना देखकर दुकानदार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। चोर दुकान से करीब 400 ग्राम सोना और 13 किलो चांदी के जेवर ले गए।

CCTV में कैद हुए औजार लिए 8 चोर

पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में करीब आठ चोर हाथों में पारंपरिक औजार लेकर दुकान का ताला तोड़ते और गोदरेज काटकर चोरी करते नजर आ रहे हैं। चोरी को अंजाम देने के बाद आरोपी सामान लेकर जाते दिखे। फुटेज में चोरों के चेहरे भी कैद होने की बात बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की, हालांकि शुरुआती स्तर पर कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका। दुकानदार ने बिदुपुर थाने में लिखित आवेदन देकर चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी की गुहार लगाई है।

व्यापारियों में दहशत, रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग

बिदुपुर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों में दहशत का माहौल है। घटना के बाद व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और ऐसी वारदातों पर सख्ती से लगाम लगाने की मांग की है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article