शहर

DIG वैभव कृष्ण पहुंचे गाजीपुर, कल कमलेश चौधरी एनकाउंटर के बाद ग्रामीणों की पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी हुए थे घायल

कल गाजीपुर में एक एनकाउंटर के बाद ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर जमकर पत्थरबाजी की। इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। आज सुबह DIG वैभव कृष्ण स्वयं गाजीपुर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में कल यानी गुरुवार 4 जून को एक पुलिस एनकाउंटर में कमलेश चौधरी मारा गया। वह होटल व्यापारी विनीत राय की हत्या के मामले में आरोपी थी। एनकाउंटर में कमलेश चौधरी के मारे जाने के बाद ग्रामीणों ने गुरवार शाम उसके शव को लेकर हंगामा किया। इस हंगामे के दौरान ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थर भी चलाए और पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर मारा। यह मामला लगातार बड़ा होता जा रहा है। आज यानी शुक्रवार 5 जून को सुबह वाराणसी से डीआईजी वैभव कृ्ष्ण घटना स्थल पर पहुंचे हैं।

ग्रामीणों की पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी घायल

कल जब कमलेश चौधरी एनकाउंटर में मारा गया तो ग्रामीणों ने उसके शव को पुलिस द्वारा ले जाए जाने का विरोध किया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों की झड़प हुई और ग्रामीणों की तरफ से चलाए गए ईंट-पत्थरों से कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। क्षेत्राधिकारी सदर का भी सिर फट गया। घायल चार पुलिसकर्मियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

ग्रामीणों की इस पत्थरबाजी में RPF का एक जवान गणेश दुबे भी घायल हो गया था। हरकुश पटेल हमराही थाना अध्यक्ष नंदगंज, अतुल कुमार मिश्रा थाना अध्यक्ष नंदगंज और रेशमा महिला कांस्टेबल कोतवाली ड्यूटी भी इस दौरान घायल हुए।

कमलेश चौधरी के भाई ने एनकाउंटर को बताया हत्या

इस बीच एनकाउंटर में मारे गए आरोपी कमलेश चौधरी के भाई संजय चौधरी ने आरोप लगाया कि यह एनकाउंटर नहीं हत्या है। संजय चौधरी ने बताया कि कमलेश चौधरी समाजवापी पार्टी का कार्यकर्ता था, इसलिए उसकी हत्या की गई।

देर शाम अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाते समय हुए हंगामा और पत्थरबाजी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संजय चौधरी सहित 60-70 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने रासुका के तहत भी कार्रवाई करने की बात कही है। यह मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है और आज सुबह वाराणसी से DIG वैभव कृष्ण भी उस जगह पहुंचे, जहां कल ग्रामीणों में पुलिसकर्मियों पर पत्थरबाजी की थी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article