शहर

उत्तराखंड के टिहरी में आफत की बारिश, चमोली में फ्लैश फ्लड, हर तरफ दिखा तबाही का मंजर

उत्तराखंड में कुदरत का कहर देखने को मिल रहा है। यहां लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। टिहरी जिले का हाल भी खराब बना हुआ है। यहां फ्लैश फ्लड के कारण सड़कों पर पानी के भारी मलबा आ गया है, जिससे कारण कई मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। लोगों के घरों में पानी घुस गया है। मौसम विभाग की मानें तो आगामी 3 से 4 दिनों तक यहां मौसम ऐसा ही बना रहेगा।

Image

उत्तराखंड के टिहरी में आफत की बारिश (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)

उत्तराखंड में टिहरी में मौसम विभाग ने आज भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। बीते दिन से टिहरी समेत उत्तराखंड के कई जिलों में जोरदार बारिश हो रही है। भारी बारिश के कारण पहाड़ों से मलबा सड़कों पर आ गया है, जिसके चलते कई मार्गों अवरुद्ध हो गए हैं। टिहरी में आफत की बारिश बरस रही है। भारी बारिश ने हर तरफ तबाही मचा दी है। सड़कों पर आए मलबे के कारण बाजार और गांवों से संपर्क टूट गया है। इस बीच चमोली में अचानक आई बाढ़ के कारण गाड़ियां फंसी हुई है और बाढ़ का पानी लोगों के घर और दुकानों तक में घुस गया है।

सड़क पर मलबा और पेड़ गिरने से रास्ता बंद

टिहरी जिले में ऋषिकेश-चंबा मोटर मार्ग पर कुंजापुरी के पास भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ है। सड़क पर मलबा और बांज के पेड़ गिर गए हैं, जिससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। एक मोटरसाइकिल भी पेड़ के नीचे दब गई, लेकिन उस पर सवार दो लोगों ने समय रहते भागकर अपनी जान बचा ली। इस स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद है और सड़क से पेड़ और मलबा हटाने का काम तेजी से चल रहा है, ताकि जल्द से जल्द रास्ता खोला जा सके। बता दें कि इलाके में लगातार हो रही बारिश से घना कोहरा छा गया है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। खराब मौसम और दृश्यता कम होने के कारण आवागमन में काफी परेशानी हो रही है।

चमोली में भारी बारिश का कहर

बीती रात से हो रही भारी बारिश के कारण चमोली में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। चमोली में अचानक आई बाढ़ से राष्ट्रीय राजमार्ग कमेडा-गौचर पर मलबा आने से मार्ग ठप हो गया है। इसके अलावा, कर्णप्रयाग-नैनीसैन मोटर मार्ग भी अवरुद्ध हो गया है, जिससे कई गांवों का मुख्य बाजार से संपर्क टूट गया है। चमोली में बारिश के कारण कर्णप्रयाग-ग्वालदम हाईवे पर सिमली में आटागाड पुल के पास एक कार दलदल में फंस गई, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। दोनों ही जगहों पर सड़कों के बंद होने से लोगों को बहुत परेशानी हो रही है। प्रशासन और स्थानीय लोग मिलकर स्थिति को सामान्य करने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article