शहर

VIDEO: न पेट्रोल, न ट्रैफिक जाम...बस आसमान और उड़ान! उत्तराखंड के रवि टम्टा का इलेक्ट्रिक फ्लाइंग व्हीकल देखकर हर कोई रह गया हैरान

उत्तराखंड के अल्मोड़ा से सामने आया एक देसी इनोवेशन अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। काफलीखान गांव के रवि टम्टा ने अपने बनाए सिंगल-सीटर इलेक्ट्रिक फ्लाइंग व्हीकल HAPIDA SKYNeX का सफल टेस्ट किया है।

Image

HAPIDA SKYNeX ने दिखाया भविष्य के पर्सनल ट्रांसपोर्ट का नया मॉडल

Photo : ANI

HAPIDA SKYNeX: उत्तराखंड के अल्मोड़ा के एक युवा इनोवेटर ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसे कभी सिर्फ साइंस फिक्शन की कल्पना माना जाता था। अल्मोड़ा के काफलीखान गांव के रहने वाले रवि टम्टा ने अपने बनाए HAPIDA SKYNeX का सफल टेस्ट-फ्लाई पूरा किया है। यह एक सिंगल-सीटर इलेक्ट्रिक फ्लाइंग व्हीकल प्रोटोटाइप है, जिसे भविष्य में निजी परिवहन के एक नए विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है।

पहाड़ी इलाकों के लिए जरूरी

रवि टम्टा के इस प्रयोग को खास तौर पर पहाड़ी इलाकों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां खराब भौगोलिक परिस्थितियों और घुमावदार सड़कों के कारण कम दूरी तय करने में भी काफी समय लग जाता है। अगर इस तरह की तकनीक भविष्य में व्यावहारिक रूप से इस्तेमाल होने लगे, तो सड़क के बजाय हवाई रास्ते से सफर कर यात्रा का समय काफी कम किया जा सकता है।

कहां से आया इस इनोवेशन का खयाल

रवि ने बताया कि उनके गांव से करीब 40 किलोमीटर की दूरी सड़क मार्ग से तय करने में लगभग डेढ़ घंटे का वक्त लग जाता है। उनके मन में विचार आया कि यदि इसी दूरी को हवाई रास्ते से तय किया जाए, तो इसे करीब 10 मिनट में पूरा किया जा सकता है। इसी सोच ने उन्हें एक ऐसे इलेक्ट्रिक पर्सनल फ्लाइंग व्हीकल पर काम करने के लिए प्रेरित किया, जो विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में आवाजाही के तरीके को बदल सके।

रवि के करियर का सबसे अहम पड़ाव

रवि ने HAPIDA SKYNeX की पहली सफल उड़ान को अपने करियर का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। उनका कहना है कि इस उपलब्धि के पीछे सालों की रिसर्च, लगातार प्रयोग, चुनौतियों से जूझना और मेहनत शामिल है। पहली उड़ान सफल होने के बाद उन्होंने खुशी और गर्व जाहिर करते हुए इसे अपने लंबे प्रयासों का नतीजा बताया।

HAPIDA SKYNeX

गाड़ी सड़क पर नहीं, अब आसमान में चलेगी

जमकर वायरल हो रहा HAPIDA SKYNeX का वीडियो

रवि टम्टा के इस इनोवेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोग उनकी तकनीक और मेहनत की जमकर चर्चा कर रहे हैं। कुछ यूजर्स का मानना है कि अगर यह तकनीक आगे विकसित होकर व्यावसायिक स्तर पर इस्तेमाल होने लगी, तो पहाड़ी क्षेत्रों में परिवहन के लिए यह बड़ा बदलाव साबित हो सकती है।

तकनीकी और आर्थिक सहयोग देने की अपील

वहीं, कई लोगों ने रवि की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की मांग करते हुए सरकार और संबंधित संस्थाओं से ऐसे स्थानीय इनोवेटर्स को तकनीकी और आर्थिक सहयोग देने की अपील की है। रवि टम्टा का यह प्रयास दिखाता है कि बड़े तकनीकी संस्थानों से दूर पहाड़ के एक गांव से भी ऐसे आइडिया सामने आ सकते हैं, जो भविष्य के परिवहन की तस्वीर बदलने की क्षमता रखते हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article