उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 3 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। सत्र शुरू होने से पहले रविवार को लखनऊ में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए लगातार बैठकें करेंगे। इस दौरान विधानसभा की कार्यवाही, प्रमुख मुद्दों और सदन की रणनीति पर चर्चा होगी।
आज दिनभर जारी रहेगा बैठकों का दौर
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा की बैठक होगी, जिसमें सत्र के एजेंडे पर चर्चा की जाएगी। यह बैठक रविवार सुबह 11:30 बजे होगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे उनकी अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी दलों के नेताओं से सदन को सुचारु रूप से चलाने पर चर्चा की जाएगी।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक दल की बैठक शाम 6 बजे लोकभवन में आयोजित होगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री, भाजपा विधायक, विधान परिषद सदस्य और सहयोगी दलों के विधायक शामिल होंगे। बैठक में मानसून सत्र के दौरान सरकार की रणनीति और विपक्ष के सवालों का जवाब देने की तैयारी की जाएगी।
सपा के विधायक दलों की बैठक
वहीं, समाजवादी पार्टी ने भी रविवार सुबह 11 बजे पार्टी मुख्यालय में अपने विधायक दलों की बैठक बुलाई है। जिसमें पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव शामिल होंगे और विधायकों को सदन में उठाए जाने वाले मुद्दों पर दिशा-निर्देश देंगे। सपा कानून-व्यवस्था, अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण और अन्य जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।
मानसून सत्र 3 अगस्त से 6 अगस्त तक चलने की संभावना है। पहले दिन आजमगढ़ की निजामाबाद विधानसभा सीट से सपा विधायक आलमबदी के हाल ही में हुए निधन पर शोक व्यक्त किया जाएगा, जिसके बाद सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी जाएगी।
4 अगस्त को पेश होगा अनुपूरक बजट
4 अगस्त को वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट सदन में पेश किया जाएगा। 5 अगस्त को विधायी और अन्य सरकारी काम निपटाए जाएंगे, जबकि 6 अगस्त को अनुपूरक बजट पर चर्चा के बाद उसे पारित कराया जाएगा।
गौरतलब है कि योगी सरकार पहले ही वित्तीय वर्ष 2026-27 का 9.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक का मूल बजट विधानसभा से पारित करा चुकी है। अब अनुपूरक बजट के जरिए विभिन्न विभागों के लिए अतिरिक्त वित्तीय प्रावधान किए जाएंगे। सत्र की तैयारियों के सिलसिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से भी औपचारिक मुलाकात की थी।
