शहर

UP Monsoon: यूपी के 73 जिलों में 'मानसूनी हाहाकार'! अलर्ट से रंगा नक्शा; 5 दिनों तक रहेगा यही हाल

UP Monsoon Rain: उत्तर प्रदेश के 73 जिलों में मानसून का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने 19 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।

Image

यूपी के 73 जिलों में बारिश का अलर्ट (फाइल)

Photo : PTI

UP Monsoon Update: उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह से एक्टिव हो गया है, जिससे प्रदेशवासियों को भीषण उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिली है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के लगभग सभी जिलों में झमाझम बारिश रिकॉर्ड की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार (9 जुलाई) के लिए पूरे प्रदेश में मेघगर्जन, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली (वज्रपात) के साथ भारी बारिश का महा-अलर्ट जारी किया है। मूसलाधार बारिश के चलते उत्तर प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है।

यूपी में अगले 5 दिन आफत

बंगाल की खाड़ी में बना मजबूत मानसूनी सिस्टम अब मध्य प्रदेश के आसपास पहुंच गया है। इसका सीधा असर उत्तर प्रदेश पर पड़ रहा है, जिससे मानसूनी गतिविधियां बेहद तेज हो गई हैं। प्रदेश में अगले 5 दिनों तक बारिश का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा। बीते बुधवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई, जिसमें सबसे अधिक 144.4 मिमी वर्षा चित्रकूट में दर्ज की गई। इसके अलावा बदायूं में 94 मिमी, सिद्धार्थनगर में 72.8 मिमी और मेरठ में 71.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

इन 19 जिलों में अत्यधिक बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट'

मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड के 19 जिलों में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में सहारनपुर, शामली,बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर, कासगंज, फर्रुखाबाद, हरदोई, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज और कुशीनगर शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त पीलीभीत, बरेली, बदायूं, रामपुर, मुरादाबाद,संभल, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और अमरोहा में रेड अलर्ट है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आज लखनऊ में गरज-चमक के साथ बारिश होगी, जहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 10 से 13 जुलाई के बीच पूर्वी यूपी में भी भारी बारिश होगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article