Kaushambi Accident: उत्तर प्रदेश के कौशांबी से एक भीषण सड़क दुर्घटना की खबर सामने आ रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कौशांबी जिले में देर रात भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद इलाके में पसरा मातम
सड़क दुर्घटना उस वक्त हुई जब रोड किनारे खड़े एक पिकअप का पंचर बनाया जा रहा था, तभी अचानक एक तेज रफ्तार वाहन ने वहां मौजूद चार लोगों को रौंद डाला। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया।
कहां हुआ हादसा?
यह हादसा सैनी थाना क्षेत्र के तिलोकपुर इलाके में हुआ। इस हादसे में साबिर, अकबर, अनवर और एहसान गंभीर रूप से घायल हो गए। सैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सिराथू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
मौके से फरार हो गया अज्ञात वाहन चालक
पुलिस के अनुसार, मृतकों में साबिर और अकबर सैनी थाना क्षेत्र के सराय सिराथू, अनवर संदीपनघाट थाना क्षेत्र के मूरतगंज तथा एहसान कोखराज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव के निवासी थे। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस फरार वाहन व उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 3 की मौत, 10 घायल और 5 अभी भी लापता... वायनाड में लैंडस्लाइड के बाद अब कैसे हैं हालात; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।
इटावा में भीषण हादसा
इससे पहले, इटावा में एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जहां एक प्राइवेट डबल डेकर बस राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 40 यात्री घायल हो गए। घायलों में एक गर्भवती महिला भी शामिल है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
