देश

Wayanad Landslide: 3 की मौत, 10 घायल और 5 अभी भी लापता... वायनाड में लैंडस्लाइड के बाद अब कैसे हैं हालात; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Wayanad Landslide: केरल के वायनाड जिले में लैंडस्लाइड की वजह से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। इस हादसे के तत्काल बाद व्यापक स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।

Image

वायनाड में लैंडस्लाइड ने मचाई तबाही

Photo : PTI

Wayanad Landslide: केरल के वायनाड जिले में लैंडस्लाइड की वजह से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लापता बताए जा रहे हैं।

यह हादसा मेप्पाडी ग्राम पंचायत में कल्लडी सुरंग निर्माण साइट पर हुआ, जहां पर लैंडस्लाइड होने से तीन लोगों की मौत हो गई और 10 घायल हो गए। इस हादसे के तत्काल बाद प्रशासन ने व्यापक स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। भारी बारिश के बीच बुधवार को भी बचावकर्मी जोरों-शोरों से मलबे में लोगों को तलाशते हुए नजर आए। डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर डीआर मेघश्री ने कहा, ''हम तलाशी और बचाव अभियान जारी रखेंगे, यही हमारा पहला मकसद है।''

क्या है पूरा मामला?

अधिकारियों के मुताबिक, सुरंग निर्माण कार्य के दौरान निकाली गई बड़ी मात्रा में मिट्टी और मलबा अचानक ढहकर कार्यस्थल पर गिर गया, जिससे वहां मौजूद कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए। वायनाड जनसंपर्क विभाग (PRD) ने बताया कि अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन बचाव अभियान जारी होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), पुलिस, फायर एंड रेस्क्यू सर्विस और अन्य सरकारी एजेंसियां संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं।

अस्थायी राहत शिविर बनाए गए

प्रशासन ने पुल के दोनों ओर फंसे लोगों के लिए मुंडक्कई फॉरेस्ट स्टेशन और चूरलमाला चर्च हॉल में अस्थायी राहत शिविर स्थापित किए हैं। इसके अलावा एराट्टुकुंडु, अट्टामाला, मम्मिक्कुन्नु और अंबेडकर कॉलोनी जैसे संवेदनशील इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर सुरंग निर्माण का काम पहले ही रोक दिया गया था। अब मलबा हटने के बाद 'मीनाक्षी पुल' की संरचनात्मक सुरक्षा की जांच करने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) को निर्देश दिए गए हैं।

वायनाड में बारिश का येलो अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने वायनाड के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और जिले में भारी बारिश का अनुमान जताया। बकौल आईएमडी, बुधवार को वायनाड सहित कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया, जहां कुछ स्थानों पर 24 घंटों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 8 जुलाई को राज्यभर में व्यापक बारिश और गरज के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया और चेतावनी दी कि 9 जुलाई तक राज्यभर में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!