शहर

Firozabad Encounter: पुलिस और बदमाशों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग; बुलेट सवार एक आरोपी के पैर में लगी गोली, दो गिरफ्तार

Firozabad Encounter: फिरोजाबाद में 7 जुलाई को अभिषेक पर फायरिंग करने वाले दो वांटेड बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। जवाबी फायरिंग में एक आरोपी घायल है।

Image

फिरोजाबाद में पुलिस और बदमाशों के एनकाउंटर

Firozabad Encounter: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना उत्तर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार रात को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई एक मुठभेड़ के बाद दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके दूसरे साथी को पुलिस ने घेराबंदी करके दबोच लिया। घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह पूरी कार्रवाई 7 जुलाई को आर्य नगर क्षेत्र में अभिषेक नाम के युवक पर हुई फायरिंग के मामले में की गई है। इस घटना के बाद पीड़ित अभिषेक ने 8 जुलाई को चार नामजद आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद से पुलिस की विशेष टीमें उनकी तलाश में जुटी थीं।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, बदमाशों ने की फायरिंग

क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि 11 जुलाई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध बदमाश दोबारा किसी हमले की योजना बनाने के लिए इकट्ठा हो रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने बैंदी की पुलिया के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक काली बुलेट मोटरसाइकिल पर दो संदिग्धों को आते देखा। जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बाइक सवार बदमाशों ने बचने के लिए पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग झोंक दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा जवाबी फायरिंग की, जिसमें रामनगर (लाइनपार) निवासी प्रिंस के पैर में गोली लग गई। वहीं, उसका साथी सुमित भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर दबोच लिया।

अवैध हथियार और बुलेट बाइक बरामद

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई काली बुलेट मोटरसाइकिल, एक .32 बोर की अवैध पिस्टल, एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। सीओ संतोष कुमार सिंह के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया है। दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article