यूपी में आज का मौसम (17 March 2026): उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिलाजुला रूप देखने को मिल रहा है। कहीं बारिश की फुहारें तेज गर्मी से राहत दिला रही हैं, वहीं कुछ जगहों पर चिलचिलाती धूप और गर्मी का सिलसिला अभी भी जारी हैं। फिलहाल यूपी में जारी बेमौसम बारिश पर ब्रेक लग गया है। लेकिन जल्द ही प्रदेश में फिर से तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने एक नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की संभावना जताई है। जिससे यूपी में तीन दिनों तक बारिश का मौसम बने रहने का पूर्वानुमान है। जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है। आज यूपी का मौसम कैसा रहने वाला है, आइए जानते हैं।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। दो दिनों तक राज्य में ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान है। इस दौरान तेज धूप निकलेगी, जिससे गर्मी का एहसास बढ़ सकता है। साथ ही तापमान में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। 17 मार्च की रात से एक नया पश्चिम विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में एक्टिव होने की संभावना है। इस वेदर सिस्टम का प्रभाव यूपी के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है।
यूपी में दो दिन होगी बारिश
IMD के अनुसार यूपी में 19 मार्च से एक बार फिर बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा। इस दौरान पश्चिमी भाग में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अलर्ट है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं। इस अवधि में पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहने की संभावना जताई जा रही है। बारिश का मौसम 21 मार्च तक जारी रहने का पूर्वानुमान है। जिसमें 20 मार्च को राज्य के दोनों हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं संग बारिश का येलो अलर्ट है। वहीं 21 मार्च को सिर्फ पूरी हिस्से में बारिश देखने को मिल सकती है। जिसके बाद फिर से मौसम साफ हो जाएगा।
यूपी में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
तापमान की बात करें तो यूपी में अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की अचानक बढ़ोत्तरी हो सकती है। जिसके बाद 5-7 डिग्री सेल्सियस की अचानक गिरावट होने के आसार हैं। वहीं न्यूनतम तापमान में भी अगले 3 दिनों के दौरान करीब 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने के आसार हैं। जिसके बाद 2-4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जा सकती है। यूपी में पिछले 24 घंटे में सबसे गर्म जिला सुल्तानपुर रहा, यहां का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके बाद बांदा में 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान नजीबाबाद में 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
