शहर

उत्तर प्रदेश का मौसम (15 Jan 2026) UP Weather Today: यूपी में शीतलहर-पाला और घने कोहरे का ट्रिपल अटैक, बारिश से बिगड़ेगा मौसम का मिजाज

उत्तर प्रदेश का मौसम (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 15 Jan 2026: उत्तर प्रदेश में गलन वाली ठंड लोगों को सता रही है। कई जिलों में शीतलहर चलने से दिन में भी ठंड का सितम जारी है। राज्य के कुछ हिस्सों में पाला भी पड़ रहा है। जल्द ही यूपी में बारिश की भी एंट्री होने वाली है। आइए जानते हैं कि आज उत्तर प्रदेश का मौसम कैसा रहने वाला है:

Image

आज यूपी का मौसम

यूपी में आज का मौसम (15 Jan 2026): उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी है। कई जिलों में पाला भी पड़ रहा है। पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में बीते दो से तीन दिनों में दिन में धूप के दर्शन हो रहे थे। लेकिन अब यहां भी घने कोहरे ने वापसी कर ली है। यूपी के कई हिस्सों में आज घने से अत्यंत घना कोहरा छाए रहने का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में सबसे अधिक ठंड मेरठ और अयोध्या में पड़ रही है। शीतलहर के कारण यहां दिन में भी ठंड से राहत नहीं मिल रही है। मेरठ में दिन-रात सर्दी का सितम जारी है। बुधवार को यहां यूपी में दूसरी सबसे ठंडी रात रही। इस दौरान न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी हिस्से में कहीं-कहीं घने से अत्यंत घना कोहरा छाए रहने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पूर्वी हिस्से में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने के लिए येलो अलर्ट है। यूपी के 14 जिलों में आज कोल्ड वेव और और पाला पड़ने की चेतावनी जारी की गई है। जिनमें सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, मेरठ, बागपत, अमरोहा, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, संभल और गौतम बुद्ध नगर शामिल हैं।

21 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज और येलो अलर्ट

सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, मेरठ, बागपत, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, बदायुं, बरेली, पीलीभीत, अमरोहा, झांसी, महोबा और ललितपुर।

यूपी में जल्द बारिश देगी दस्तक

IMD के अनुसार अगले 3 दिनों में पश्चिमी यूपी में मौसम करवट बदलने वाला है। 18 से 20 जनवरी के दौरान कई हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई जा रही है। आज देर रात से हवाओं का रुख बदलकर दक्षिण-पूर्वी होने वाला है। जिसके कारण राज्य के पश्चिमी हिस्से में शीतलहर और पाले से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार दो उत्तरोत्तर पश्चिमी विक्षोभों का यूपी के मौसम पर प्रभाव पड़ेगा। जिसके असर से न्यूनतम तापमान में अगले 5 से 6 दिनों में 4-6 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि हो सकती है। हालांकि 23 जनवरी को बसंत पचंमी के बाद मैदानी इलाकों में एक बार फिर कड़ाके की ठंड का दौर लौटने की संभावना है।

यूपी में 5 सबसे ठंडे जिले

जिलान्यूनतम तापमान
मेरठ3.1 डिग्री सेल्सियस
अयोध्या3.5 डिग्री सेल्सियस
मुजफ्फरनगर4 डिग्री सेल्सियस
हरदोई4.2 डिग्री सेल्सियस
फुरसतगंज4.2 डिग्री सेल्सियस

मेरठ में सबसे ठंडी रही रात

यूपी में बुधवार को सबसे ठंडी रात मेरठ में दर्ज की गई। यहां का न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस रहा। जिसके बाद अयोध्या में 3.5 न्यूनतम पारा दर्ज किया गया। इस दौरान प्रदेश में सबसे कम अधिकतम तापमान नजीबाबाद में दर्ज किया गया। यहां दिन का पारा 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जिसके बाद मुरादाबाद में 16.8 डिग्री और मुजफ्फरनगर में 16.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। यूपी में बुधवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान झांसी में 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article