Hapur Woman Murder Case: हापुड़ जिले के हाफिजपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां के ग्राम उबारपुर में चितौली रोड पर स्थित एक चरी के खेत में एक अज्ञात युवती का लहूलुहान शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए हापुड़ के पुलिस अधीक्षक (SP) ज्ञानंजय सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) विनीत भटनागर भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
प्राथमिक जांच में पुलिस को युवती की शिनाख्त करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन कड़ी मशक्कत और कुछ महत्वपूर्ण कूटनीतिक सुरागों के आधार पर आखिरकार मृतका की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतका के परिजनों से संपर्क कर उनकी तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पास में पड़ी ईंट से सिर पर किया वार: एएसपी विनीत भटनागर
इस खौफनाक हत्याकांड के संबंध में जानकारी देते हुए हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) विनीत भटनागर ने बताया, 'थाना हाफिजपुर के ग्राम उबारपुर में एक युवती का शव चरी के खेत में बरामद हुआ है। प्राथमिक दृश्य और जांच से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि घटनास्थल के पास में ही पड़ी एक ईंट से युवती के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। पुलिस की फील्ड यूनिट और सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया है।'
एएसपी ने आगे बताया कि पुलिस को कुछ बेहद अहम और महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर मृतका की पहचान सुनिश्चित हो सकी है। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। इस अमानवीय घटना का जल्द से जल्द अनावरण करने और आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने के लिए पुलिस की कई विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो तेजी से संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
