Ghaziabad Psychiatrist Death: गाजियाबाद के राजनगर विस्तार क्षेत्र स्थित एक आवासीय सोसाइटी में एक महिला मनोचिकित्सक की संदिग्ध परिस्थितियों में पांचवीं मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
तलाक के बाद तनाव में थीं, इलाज चल रहा था
उसने बताया कि महिला की पहचान डॉ. हमीका अग्रवाल (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि पेशे से मनोचिकित्सक अग्रवाल राजनगर विस्तार स्थित ऑफिसर सिटी-2 सोसाइटी में अकेली रहती थीं। अग्रवाल के परिजनों के अनुसार, करीब 18 माह पहले हमीका का अपने पति से तलाक हो गया था, जिसके बाद से वह तनाव में थीं तथा उनका उपचार भी किया जा रहा था।
रविवार को इमारत की पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी
परिजन के अनुसार, रविवार शाम हमीका ने इमारत की पांचवीं मंजिल पर स्थित अपने फ्लैट से छलांग लगा दी, जिससे नीचे गिरने पर उनके सिर में गंभीर चोट आई। उन्होंने बताया कि परिसर में मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें निजी वाहन से पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हमीका के पिता डॉ. आर. चंद्रा भी मनोचिकित्सक हैं और वह राजनगर विस्तार की ही एक अन्य आवासीय सोसाइटी में रहते हैं। डॉ. चंद्रा ने बताया कि तलाक के बाद से उनकी बेटी लगातार अवसाद से गुजर रही थीं और उसका इलाज किया जा रहा है।
इस मामले में नंदग्राम के सहायक पुलिस आयुक्त जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच करते हुए विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हेल्पलाइन
वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ- 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com
TISS iCall- 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)
(अगर आपको मदद चाहिए या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे मदद चाहिए, तो कृपया अपने सबसे पास के मेंटल हेल्थ स्पेशलिस्ट से संपर्क करें।)
