शहर

जनोत्सव के रूप में मनाया जाए यूपी दिवस 2026, CM योगी ने दिए अहम निर्देश

उत्तर प्रदेश दिवस 2026 का आयोजन 24 से 26 जनवरी तक भव्य रूप से किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज इसे जनोत्सव के रूप में मनाने के निर्देश दिए हैं। इस साल आयोजन का मुख्य आकर्षण ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ रहेगा, जिसके जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक और पाक विविधता को प्रदर्शित किया जाएगा। अमित शाह इसके मुख्य अतिथि होंगे।

Image

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

राज्य के हर जिले की सक्रिय सहभागिता, सांस्कृतिक विविधता और विकास की साझा चेतना के साथ उत्तर प्रदेश दिवस-2026 इस साल एक भव्य जनोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। 24 से 26 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले इस आयोजन में जनभागीदारी के जरिए उत्तर प्रदेश की संस्कृति, शिल्प, व्यंजन और विकास यात्रा को एक ही मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यानी बुधवार 21 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह आयोजन सिर्फ औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश की पहचान, उपलब्धियों और संभावनाओं को जनसहयोग के साथ प्रदर्शित करने का अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि यूपी दिवस को जनोत्सव के रूप में आयोजित किया जाए, जिसमें प्रदेश की आत्मा हर स्तर पर दिखाई दे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल उत्तर प्रदेश दिवस के मुख्य अतिथि के रूप में माननीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी की गरिमामयी उपस्थिति आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान प्रदान करेगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं गरिमा, अनुशासन एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित की जाएं।

सीएम योगी ने कहा कि राजधानी लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण राज्य के सभी जिलों में किया जाएगा, ताकि उत्तर प्रदेश दिवस का उत्सव एक साथ पूरे राज्य में मनाया जा सके। बैठक में जानकारी दी गई कि यूपी दिवस के अवसर पर ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ की थीम पर आधारित विशेष प्रदर्शनी और शिल्प मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें राज्य की विकास यात्रा, नवाचार, बुनियादी ढांचे, उद्योग, कृषि, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

इस साल ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगा। इसके अंतर्गत राज्य के प्रत्येक जिले के पारंपरिक और विशिष्ट व्यंजन एक ही परिसर में उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि आगंतुक उत्तर प्रदेश के विविध स्वाद, खान-पान परंपराओं और स्थानीय पहचान से परिचित हो सकें।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि संस्कृति उत्सव 2025-26 के अंतर्गत प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रमों को उत्तर प्रदेश दिवस से प्रभावी रूप से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि ‘हमारी संस्कृति-हमारी पहचान’ की भावना के अनुरूप लोक, शास्त्रीय एवं समकालीन कला रूपों को मंच प्रदान किया जाए तथा कलाकारों एवं आगंतुकों के लिए समुचित सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि 24 जनवरी को आयोजित मुख्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सभी जिलों के गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया जाए, ताकि राज्य की सामूहिक उपलब्धियों का सम्मान किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस-2026 को ऐसा आयोजन बनाया जाए, जो राज्य की संस्कृति, स्वाद, शिल्प और विकास दृष्टि को एक साथ प्रस्तुत करें तथा प्रत्येक आगंतुक के लिए यह अनुभव प्रेरणादायी, स्मरणीय और गर्व का विषय बने।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article