शहर

यूपी में विकास हो रहा, लेकिन घुटन नहीं...योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली की हवा को लेकर फोड़ा बम, कही ये बात

CM Yogi on Delhi AQI: मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के विकास खंड जंगल कौड़िया में पुन:निर्मित विकास अधिकारी कार्यालय के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए दिल्ली में वायु गुणवत्ता मानक पर ध्यान दिलाया।

Image

योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली की हवा को लेकर फोड़ा बम, कही ये बात

CM Yogi News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) की तुलना 'गैस चैंबर' से करते हुए शनिवार को कहा कि उप्र में तेजी से विकास हो रहा है, इसके बावजूद 'घुटन भरा माहौल' नहीं है। गोरखपुर में एक कार्यक्रम में आदित्यनाथ ने कहा कि आज दुनिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती पर्यावरण नुकसान की है। उन्होंने कहा, 'आप देखिए यहां का पर्यावरण कितना अच्छा है, कोई प्रदूषण नहीं है। अगर प्रदूषण नहीं है, तो कोई बीमारी भी नहीं है। जब भी प्रदूषण होगा, तो यह फेफड़ों को भी नुकसान पहुंचाएगा। अगर ऑक्सीजन आपूर्ति करने वाली मशीन खराब हो जाती है, तो पूरा शरीर खराब हो जाएगा।'

योगी ने दिल्ली की हवा की तुलना गैस चैंबर से की

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के विकास खंड जंगल कौड़िया में पुन:निर्मित विकास अधिकारी कार्यालय के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए दिल्ली में वायु गुणवत्ता मानक पर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा, 'आप दिल्ली जाइए। क्या हालत है? ऐसा लगता है कि वहां गैस चैंबर है। हालत खराब है। आप हवा में सांस नहीं ले पाएंगे और आंखों में जलन होगी। वहां के डॉक्टर का कहना है कि जिन्हें अस्थमा और दूसरी बीमारियां हैं, बुजुर्ग और बच्चे, उन्हें घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। क्या यही जिंदगी है?'

आदित्यनाथ ने कहा कि जब भी पर्यावरण के साथ कोई छेड़छाड़ होगी, ऐसी ही स्थिति पैदा होगी। उन्होंने कहा, 'हम खुशकिस्मत हैं कि यहां विकास तो है, लेकिन दम घुटने वाला माहौल नहीं है।' बता दें कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह नौ बजे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का AQI 214 दर्ज किया गया जो 'खराब' श्रेणी में आता है।

दिल्ली में वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में

राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने दिन के समय आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है।

इसी के साथ अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग के अनिसार, दिल्ली में सुबह 8.30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 95 प्रतिशत दर्ज की गई।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 211 रहा, जो ’खराब’ श्रेणी में आता है। शून्य से 50 के बीच AQI को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' माना जाता है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article