शहर

Sambhal News: गंगा एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, 2 की मौत; 25 से ज्यादा घायल

संभल में गंगा एक्सप्रेसवे पर बहराइच से पंजाब जा रही डबल डेकर बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल हुए।

Image

फाइल फोटो

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में शनिवार को गंगा एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां एक डबल डेकर बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

डिवाइडर से टकराकर पलटी बस

यह हादसा बहजोई थाना क्षेत्र के लहरावन इंटरचेंज के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, यह बस बहराइच से पंजाब की ओर तेज रफ्तार से जा रही थी, तभी अचानक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

दो यात्रियों की मौत, कई घायल

पुलिस ने बताया कि इस हादसे में मृतकों की पहचान 17 वर्षीय नेहा और 36 वर्षीय चिंटू के रूप में हुई है। इस हादसे में 25 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। जिन्हें तत्काल बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया।

ड्राइवर को नींद आने से हादसे की आशंका

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला कि ड्राइवर को नींद आने की वजह से यह हादसा हुआ। उनके अनुसार, ड्राइवर को झपकी लगने के कारण बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

यात्री ने बताया हादसे का कारण

बस में सवार यात्री राम लखन ने बताया कि हादसे से करीब 50 मीटर पहले ही बस अपनी लेन छोड़कर दूसरी ओर जाने लगी थी। यात्रियों ने ड्राइवर को कई बार आवाज लगाई, लेकिन वह बस को नहीं संभल पाया और यह डिवाइडर से टकराकर पलट गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article