Unnao News: उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित एबी नगर में हुई सनसनीखेज चोरी की घटना का पुलिस ने महज तीन दिनों के भीतर खुलासा कर दिया। एसएसपी जे.पी. सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पूरे मामले की गुत्थी सुलझाई। जांच के दौरान सामने आया कि पिछले तीन वर्षों से किरायेदार बनकर रह रही इंदु पांडेय ने ही भरोसे का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी महिला ने चोरी के गहनों को बेचकर लखनऊ में एक प्लॉट भी खरीद लिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1.75 लाख रुपये नकद और करीब 20 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए हैं। साथ ही, गहने खरीदने वाले ज्वेलर कुलदीप सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि इस मामले में शामिल महिला का जेठ अभी फरार है। पूरे मामले का खुलासा एसएसपी ने उन्नाव पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।
लाखों रुपये के जेवर गायब
उन्नाव नगर पालिका परिषद के सभासद के पति मनीष शुक्ला की मां, सेवानिवृत्त ग्राम विकास अधिकारी किरन शुक्ला ने इंदु पांडेय नाम की महिला की परिस्थितियों को देखते हुए उसे तीन साल पहले अपने घर में किराए पर रहने की जगह दी थी। वे उसकी आर्थिक और सामाजिक तौर पर भी उसकी मदद करती थीं। करीब दस दिन पहले इंदु अचानक घर छोड़कर चली गई। उसके जाने के बाद जब किरन शुक्ला ने घर की जांच की तो पाया कि उनके बक्से का ताला बदला हुआ है। संदेह होने पर ताला तोड़ा गया, जिसमें लाखों रुपये के जेवर गायब मिले।
कई टीमों को जांच पर लगाया
किरन शुक्ला ने इंदु से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार टालमटोल करती रही और बाद में फोन बंद कर लिया। इसके बाद मनीष शुक्ला ने तीन दिन पहले सदर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई चोरी की इस घटना से पुलिस महकमे में हलचल मच गई। एसएसपी जे.पी. सिंह के निर्देश पर एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की टीमों को जांच में लगाया गया।
आखिर क्यों दिया वारदात को अंजाम?
जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने चोरी के गहनों को बेचकर लखनऊ में एक प्लॉट भी खरीद लिया था। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इंदु पांडेय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि उसने अपने शराबी पति से परेशान होकर अपने जेठ के कहने पर इस वारदात को अंजाम दिया।
नकदी और आभूषण बरामद
पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला के साथ-साथ चोरी के गहने खरीदने वाले ज्वेलर कुलदीप सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि इस मामले में महिला का जेठ अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। एसएसपी जे.पी. सिंह ने पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 1.75 लाख रुपये नकद और लगभग 20 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है। वहीं, पीड़िता किरन शुक्ला ने भावुक होकर उन्नाव पुलिस का आभार व्यक्त किया।
