शहर

Ujjain Crime: बदमाशों के बढ़ रहे हौसले, बुजुर्ग महिला को किडनैप करके छीने सोने के जेवर, फिर कार से बाहर फेंका

उज्जैन में हनुमान मंदिर से दर्शन करके घर लौट रही महिला का कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। जिसके बाद उसके साथ मारपीट करके सोने की चेन, कान के टॉप्स और चूड़ियां छीन लीं। जिसके बाद उसे कार से बाहर धक्का दे दिया।

Image

उज्जैन में बुजुर्ग महिला से लूटपाट

Ujjain Crime: उज्जैन में लूट की वारदात बढ़ती जा रही है। अब बदमाशों के हौसले इतने बढ़ गए हैं, कि इन लोगों ने एक बुजुर्ग महिला का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की। जिसके बाद उसके सोने के जेवर लेकर गाड़ी से धक्का देकर बाहर निकाल दिया। यह वारदात तब हुई जब महिला अपने क्षेत्र में स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन करने गई थी। महिला का नाम शंकुलता पांडे और उसकी उम्र 74 साल है। पीड़िता और उसकी बेटी की शिकायत पर पुलिस ने धारा 365 और 392 के तहत केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच हो रही है।

घर लौटते वक्त रास्ते में हुई घटना

शंकुलता देवी रोजाना की तरह मंदिर में दर्शन करके वापस घर की ओर पैदल लौट रही थीं। इसी दौरान कार सवार 2 बदमाशों ने वृद्धा का मुंह दबाकर जबरन गाड़ी में बैठा लिया और गाड़ी को चिंतामण ब्रिज मार्ग पर भूखी माता मंदिर क्षेत्र में ले गए। बदमाशों ने पहले महिला को धमकाया, फिर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान घबराई वृद्धा ने गले में सोने की चेन, कान के टॉप्स और हाथ की पीतल की चूड़ियां बदमाशों को दे दीं, जिसे बदमाशों ने सोने की समझ लिया। जिसके बाद इन लोगों ने महिला को गाड़ी से बाहर धक्का दे दिया और फरार हो गए। इस दौरान वहां से गुजर रहे पुलिसकर्मी मनीष ने महिला को रास्ते पर पड़ा देख उनसे पूछताछ की, जिसपर महिला ने उन्हें सारी बात बताई। इसके बाद मनीष ने महिला के परिजनों को सूचना दी।

खोजबीन में जुटे थे घरवाले

उधर वृद्ध महिला जब अपने घर पर समय पर नहीं पहुंची, तो उसकी बेटी ने अपने बच्चों को मंदिर भेजकर नानी को खोजने को भेजा। लेकिन बच्चों को वृद्धा की चप्पल रास्ते में पड़ी मिली। जिस पर इन लोगों को आशंका हुई कि महिला के साथ कोई दुर्घटना या तबियत खराब की घटना हुई है और इन लोगों ने आसपास के अस्पताल में खोजबीन शुरू की। इसी दौरान उन्हें वृद्धा के साथ हुई घटना के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article