Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश में हुए दो सड़क हादसों ने हड़कंप मचा दिया। सबसे पहले बात अगर कांगड़ा जिले की करें तो यहां गहरी खाई में गिरने से एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि, यह हादसा धारकंडी रोड पर घेरा गांव के पास हुआ। परिवार एक समारोह से लौट रहा था तभी यह घटना घटी। शनिवार सुबह राहगीरों ने खाई में बुरी तरह क्षतिग्रस्त गाड़ी पड़ी देखी और अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद घटना की जानकारी मिली।
दो का मौत, तीन अन्य घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद कार बुरी तरह टूट-फूट गई थी, जिससे दुर्घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। आशंका जताई जा रही है कि यह घटना शुक्रवार देर रात हुई, जिसके चलते घायलों को काफी समय तक तुरंत मदद नहीं मिल सकी। सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) बीर बहादुर ने बताया कि मृतकों की पहचान 40 वर्षीय करण बहादुर और 18 वर्षीय करीना देवी के रूप में हुई है, जबकि वाहन में सवार तीन अन्य लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को पहले पास के अस्पताल ले जाया गया और गंभीर हालत के कारण बाद में उन्हें डॉ. राजेंद्र प्रसाद सरकारी मेडिकल कॉलेज, टांडा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
बिलासपुर में बस दुर्घटना में दस यात्री घायल
वहीं, बिलासपुर में शनिवार सुबह एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से खेतों में जा गिरी, जिससे दस लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। घटना की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस में 25 यात्री सवार थे, जो बिलासपुर से धर्मशाला जा रही थी। उन्होंने कहा कि जैसे ही बस गंडालवी के पास पहुंची, चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल यात्रियों को बचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
(इनपुट - भाषा)
