शहर

कोटा-बूंदी-दौसा हाईवे पर भीषण हादसा; तेज रफ्तार ट्रक पलटने से 3 राहगीरों की मौत, 8 गंभीर रूप से घायल

राजस्थान के बूंदी के लाखेरी कस्बे में कोटा–बूंदी–दौसा हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। चौथ माता के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए, जिसमें तीन लोगों की मौत और कई घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और प्रशासन को हालात संभालने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी।

Image

कोटा–बूंदी–दौसा हाईवे पर भीषण सड़क हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Lakheri Highway Accident: राजस्थान के बूंदी जिले के लाखेरी कस्बे में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि लाखेरी-पापड़ी ओवरब्रिज के पास कोटा–बूंदी–दौसा हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसकी चपेट में चौथ माता के दर्शन के लिए पैदल जा रहे कई श्रद्धालु आ गए। दुर्घटना में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों में चीख-पुकार मच गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक का संतुलन बिगड़ने के कारण वह सड़क किनारे चल रहे श्रद्धालुओं पर पलट पड़ा। सूचना मिलते ही लाखेरी पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंचे। शुरुआत में जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा ने एक मौत की पुष्टि की थी, लेकिन बाद में उपचार के दौरान एक और श्रद्धालु की मौत हो गई, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई।

गुस्साए लोगों ने किया ट्रक को आग के हवाले

हादसे में घायल हुए श्रद्धालुओं को सबसे पहले लाखेरी के अस्पताल में प्राथमिक इलाज दिया गया। वहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को कोटा स्थित एमबीएस अस्पताल भेज दिया गया। प्रशासन ने मौके पर रेस्क्यू अभियान चलाया और पलटे हुए ट्रक को सीधा कराया। बताया गया कि ट्रक में कपास लदी हुई थी और दुर्घटना के बाद उसमें आग लग गई। गुस्से में मौजूद लोगों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया, लेकिन प्रशासन और दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ा नुकसान होने से बच गया।

लंबे समय तक यातायात रहा बाधित

घटना के विरोध में बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और हाईवे अथॉरिटी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करने लगे। गुस्साए लोगों ने कोटा–बूंदी–दौसा हाईवे को जाम कर दिया, जिससे लंबे समय तक यातायात बाधित रहा। बाद में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और स्थिति को संभाला। हादसे की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा और उपखंड अधिकारी सुरेंद्र चौधरी भी स्थल पर पहुंचे और हालात की समीक्षा की।

कोटा रेंज के आईजी ने क्या बताया?

घायलों को कोटा रेफर किए जाने के बाद प्रशासन और पुलिस के अधिकारी एमबीएस अस्पताल पहुंचे और इलाज से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। हादसे की खबर मिलते ही इटावा दौरे पर गए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपना कार्यक्रम रद्द कर सीधे एमबीएस अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। उन्होंने अस्पताल अधीक्षक से उपचार की जानकारी ली और घायलों को शीघ्र तथा बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कोटा रेंज के आईजी राजेंद्र कुमार गोयल ने बताया कि जिस मार्ग से श्रद्धालु पैदल यात्रा कर रहे हैं, वहां सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। इस क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और पुलिस की अतिरिक्त टीमें भी तैनात कर दी गई हैं। पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है। साथ ही हादसे के बाद भागे ट्रक चालक की तलाश जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article