HRTC Bus Accident: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में वीरवार सुबह एक दिल दहला देने वाला बस हादसा हुआ। सरकाघाट उपमंडल के मसेरन क्षेत्र में हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एचआरटीसी) की एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में एक किशोर समेत पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि 23 यात्री घायल हुए हैं। घायलों में से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों में तीन महिलाएं, एक पुरुष और एक किशोर शामिल हैं। घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल सरकाघाट पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल यात्रियों को मेडिकल कॉलेज नेरचौक (मंडी) और मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के लिए रेफर कर दिया गया। घायलों में मंडी और हमीरपुर जिले के निवासी शामिल हैं।
ऐसे हुआ हादासा
जानकारी के अनुसार, बस मसेरन से सरकाघाट की ओर जा रही थी। जैसे ही बस एक तीखे मोड़ पर पहुंची, चालक नियंत्रण खो बैठा, और बस कई सौ फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। कुछ ही देर में प्रशासनिक और पुलिस टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। 108 एंबुलेंस सेवाओं की कई गाड़ियां राहत कार्य में जुट गईं और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद जांच के आदेश
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। सरकाघाट के एसडीएम और डीएसपी ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और राहत कार्यों की निगरानी करते हुए हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तीखा मोड़ और चालक द्वारा नियंत्रण खोना इस हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है, हालांकि सटीक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
