शहर

Himachal Pradesh: चंबा जिले में भीषण सड़क हादसा; गहरी खाई में गिरी कार, 6 की दर्दनाक मौत

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। तीसा उपमंडल के चनवास इलाके में कार के 500 मीटर गहरी खाई में गिरने से यह हादसा हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर जांच शुरू कर दी है।

Image

चंबा में 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Chamba Car Accident: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के तीसा उपमंडल स्थित चनवास इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की जान चली गई। हादसा उस वक्त हुआ जब एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। कार में सवार सभी 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और खाई में गिरी कार से सभी शवों को बाहर निकाला। शवों को अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है।

हादसे के कारणों की जांच जारी

फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन शुरुआती जांच में पता चला है कि कार सवार सभी लोग एक ही परिवार से थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने जताया शोक

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “चंबा जिला के तीसा के चनवास में हुई कार दुर्घटना में छह लोगों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है। पीड़ित परिजनों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करे तथा परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति दे।”

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article