Highest Rainfall States in India: देश में इन दिनों मौसम का उतार-चढ़ाव बरकरार है। उत्तर भारत के कई राज्यों में बेमौसम बरसात-ओलावृष्टि और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम के इन हालातों से किसानों को बेहद नुकसान झेलना पड़ रहा है। बता दें कि, भारत एक ऐसा देश है जहां विभिन्न प्रकार की जलवायु पाई जाती है और मौसम मुख्य रूप से बारिश की मात्रा पर निर्भर करते हैं। आमतौर पर, बारिश का मौसम (Rainy Season) जिसे दक्षिण-पश्चिम मानसून कहा जाता है, जून की शुरुआत में शुरू होकर सितंबर (सावन और भादो का मौसम) तक चलता है। पूरे साल की कुल वर्षा का 70% से अधिक इसी अवधि में होती है। यह मौसम कृषि, जलाशयों और समग्र जल आपूर्ति के लिए बेहद जरूरी माना जाता है। भारत में बारिश सिर्फ एक मौसम नहीं एक एहसास भी है। गीत, खान-पान और आम जनजीवन पर बरसात का असर अक्सर देखने को मिलता है। आज हम आपको भारत के उन राज्यों के बारे में बताएंगे जहां सबसे ज्यादा बारिश (Highest Rainfall States in India) होती है।

भारत में सबसे ज्यादा बारिश वाला राज्य
इन 5 राज्यों होती है सबसे ज्यादा बारिश
मेघालय
मेघालय को “बादलों का घर” कहा जाता है और यह भारत में सबसे अधिक वर्षा प्राप्त करने वाले राज्यों में शामिल है। यहां के मौसिनराम (Mawsynram) और चेरापूंजी (Cherrapunji) दुनिया के सबसे अधिक वर्षा वाले स्थानों में गिने जाते हैं। लगातार होने वाली बारिश से यहां हरियाली, झरने और गुफाएं एक अद्भुत प्राकृतिक दृश्य प्रस्तुत करते हैं। यहां के लोगों के जीवन में वर्षा का विशेष महत्व है।
अरुणाचल प्रदेश
पूर्वोत्तर भारत का यह राज्य पहाड़ी भूभाग और हिमालय के निकट होने के कारण भारी वर्षा प्राप्त करता है। यहां घने जंगल, अनेक नदियां और समृद्ध जैव विविधता पाई जाती है। लंबे समय तक चलने वाला मानसून कृषि और जलविद्युत उत्पादन को बढ़ावा देता है।
सिक्किम
सिक्किम एक छोटा हिमालयी राज्य है, जहां पर्याप्त बारिश होती है। यह बारिश जंगलों को हरा-भरा बनाए रखती है और वन्यजीवों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करती है। साथ ही, वर्षा पर आधारित नदियां जलविद्युत परियोजनाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, जो राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए जरूरी हैं।
पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल में अधिकतर वर्षा मानसून के दौरान होती है। गंगा के मैदानी क्षेत्र और दार्जिलिंग की पहाड़ियां दोनों ही अच्छी मात्रा में बारिश प्राप्त करते हैं। यह जल धान की खेती, चाय बागानों और जूट उत्पादन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जो राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं।
नागालैंड
नागालैंड में मई से सितंबर के बीच खूब वर्षा होती है। इस दौरान यहां की पहाड़ियां और घाटियां हरी-भरी हो जाती हैं। यहां वर्षा धान, मक्का और अन्य फसलों की खेती के लिए आवश्यक है, जिससे यहां के लोगों का जीवन मुख्य रूप से कृषि पर निर्भर रहता है।
मेघालय है सबसे अधिक बारिश का केंद्र
गौरतलब है कि, भारत में सबसे अधिक औसत वार्षिक वर्षा वाला राज्य मेघालय है, जिसमें मौसिनराम (Mawsynram) खासतौर से प्रसिद्ध है। मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स क्षेत्र में स्थित मौसिनराम को दुनिया का सबसे अधिक वर्षा वाला स्थान माना जाता है, जहां हर साल लगभग 11,800 मिमी से भी अधिक बारिश होती है। इस क्षेत्र की भौगोलिक बनावट अनोखी है। पहाड़ों में स्थित होने और बंगाल की खाड़ी की दिशा में खुले होने के कारण नमी से भरी हवाएं सीधे यहां पहुंचती हैं, जिससे लगातार और भारी वर्षा होती रहती है। मेघालय का ही एक अन्य स्थान चेरापूंजी पहले दुनिया का सबसे अधिक वर्षा वाला क्षेत्र माना जाता था, लेकिन अब यह मौसिनराम के बाद दूसरे स्थान पर आ गया है।
