जयपुर/मुंबई: टाइम्स नाउ नवभारत के राजस्थान ब्यूरो हेड लखवीर सिंह शेखावत और वरिष्ठ पत्रकार राकेश त्रिवेदी को ब्रह्मश्री नारद पत्रकार सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि न सिर्फ उनके लिए, बल्कि टाइम्स नाउ नवभारत के लिए भी गौरव का विषय है।
लखवीर सिंह शेखावत को यह सम्मान विश्व संवाद केंद्र जयपुर, जबकि राकेश त्रिवेदी को विश्व संवाद केंद्र मुंबई द्वारा दिया गया है। लखवीर सिंह शेखावत को उनकी दो प्रमुख स्टोरी, कथित 'कन्वर्ज़न फैक्ट्री' और गजवा-ए-हिंद के नए पैटर्न पर की गई खोजी पत्रकारिता को लेकर दिया गया, जिसमें कई युवतियों ने नवभारत के कैमरे पर अपनी आपबीती साझा करते हुए प्यार के नाम पर साज़िश, शादी के नाम पर धोखा और धर्मांतरण के षड्यंत्र को एक्सपोज किया था।
जब यह स्टोरी प्रसारित हुई, तो उसका असर भी दिखा। राजस्थान की भजनलाल सरकार ने संज्ञान लिया और इस दिशा में कानूनी कदम उठाए। लिहाजा प्रदेश में विधि विरुद्ध धर्मांतरण कानून पारित किया गया, लेकिन हमारे लिए सबसे बड़ी बात यह नहीं थी कि स्टोरी का असर हुआ, बल्कि यह थी कि पीड़िताओं की आवाज सामने आ सकी।

लखवीर सिंह शेखावत को मिला पत्रकारिता सम्मान
दो वरिष्ठ पत्रकारों को यह सम्मान ऐसे समय में मिला है जब मीडिया की विश्वसनीयता और निष्पक्षता पर लगातार चर्चा हो रही है। ऐसे में टाइम्स नाउ नवभारत का यह सम्मानित होना दर्शाता है कि चैनल ने न केवल खबरों की गति बनाए रखी है, बल्कि उनकी गुणवत्ता, तथ्यपरकता और संतुलन को भी प्राथमिकता दी है।
रिपोर्टिंग ने कायम किया भरोसा
राकेश त्रिवेदी की रिपोर्टिंग ने दर्शकों के बीच एक भरोसा कायम किया, जिनमें राष्ट्रीय और स्थानीय स्तर की खबरें शामिल हैं। यही भरोसा आज इस सम्मान के रूप में सामने आया है। मीडिया विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के सम्मान केवल पत्रकारों के लिए नहीं होते, बल्कि उन संस्थानों के लिए भी होते हैं, जो पत्रकारिता की दिशा तय करते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत के लिए यह उपलब्धि दर्शकों के विश्वास, सामाजिक स्वीकार्यता और संपादकीय साख की मजबूत पुष्टि है।
