Thane News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक व्यापारी के साथ 30 लाख रुपये की ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिसमें आरोपियों ने फर्जी डीलरशिप का झांसा देकर व्यापारी से लाखों रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
हर्बल लिकर के नाम पर लाखों की ठगी
जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यापारी ने शुक्रवार को पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। जिसके मुताबिक, आरोपियों ने उसे 'हर्बल डिस्टिलरीज प्राइवेट लिमिटेड' नामक कंपनी के हर्बल लिकर उत्पादों की डीलरशिप देने का झांसा दिया। आरोपियों ने खुद को कंपनी का अधिकृत प्रतिनिधि और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स का मेंबर बताया।
नकली डॉक्यूमेंट दिखाकर रचा खेल
पुलिस के अनुसार, आरोपी पवन दशरथ हगावाने, शरद रामभाऊ गायकवाड़ और महेंद्र पिराजी खिलारे समेत दो अन्य लोगों ने व्यापारी से फरवरी से जुलाई 2021 के बीच संपर्क किया। इस दौरान आरोपियों ने व्यपारी का भरोसा जीतने के लिए फर्जी डॉक्यूमेंट्स भी दिखाए। जिनमें कंपनी के CEO के कथित हस्ताक्षर और मुहर वाले लेटर भी शामिल थे।
आरोपियों ने व्यापारी को हर्बल लिकर प्रोडक्ट्स की पैकेजिंग के सैंपल और फोटो भी दिखाए। इन सब चीजें दिखाकर आरोपियों ने उसका भरोसा जीत लिया। जिसके बाद उन्होंने ठाणे क्षेत्र की डीलरशिप दिलाने का झांसा दिया और व्यापारी से 30 लाख रुपये निवेश करवा लिए। लेकिन पैसे लेने के बाद आरोपियों ने उसे कोई वैध लाइसेंस नहीं दिया और न ही डीलरशिप दी। व्यापारी का आरोप है कि जब उसने पैसे वापस मांगे, तो उसे धमकाया गया और अभद्र व्यवहार किया गया। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और जल्द ही उन्हें पकड़ने का दावा कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
