शहर

ठाणे में दो गुटों के बीच पथराव और मारपीट, घर और कार में भी तोड़फोड़; 4 लोग घायल

ठाणे के कालवा इलाके में निर्माण कार्य को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प में चार लोग घायल हो गए। इस दौरान पथराव और लोहे की रॉड से हमले हुए। पुलिस ने दोनों पक्षों के 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

Image

(सांकेतिक फोटो)

Thane News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में दो पक्षों के बीच निर्माण कार्य को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान उनके बीच मारपीट और पथराव की घटना हुई। जिसमें चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना ठाणे में कालवा इलाके के जय भीम नगर में गुरुवार और शुक्रवार की दरमियान रात हुई। बताया जा रहा है कि दो पक्षों के बीच निर्माण कार्य को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते यह मारपीट में बदल गई।

झड़प के दौरान एक शख्स के घर तोड़फोड़

झड़प के दौरान दोनों पक्षों से महिलाओं समेत करीब 20 लोग शामिल थे। आरोप है कि दोनों पक्ष के लोगों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके। कुछ लोगों ने लोहे की रॉड से भी हमला किया। झड़प के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हिंसा के बीच एक शख्स के घर तोड़फोड़ भी की गई। इस दौरान घर के बाहर खड़ी कार को नुकसान पहुंचाया गया। जिसके कारण गाड़ी के अंदर रखे जरूरी दस्तावेज भी नष्ट हो गए।

पुलिस ने 20 लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस

पुलिस के मुताबिक, झड़प के दौरान दोनों पक्षों के दो-दो लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए शनिवार को 20 लोगों के खिलाफ दो अलग-अलग FIR दर्ज की हैं। पुलिस ने दंगा करने, मारपीट और आपराधिक धमकी देने जैसी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इलाके में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस निगरानी बढ़ाई है। इस मामले में अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article