उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच दो अलग-अलग जगहों पर लैंडस्लाइड की घटना सामने आई है। टिहरी गढ़वाल जिले में NH-707A पर कड्डूखाल (Kaddukhal) के पास बड़ा भूस्खलन हो गया, जहां अचानक पहाड़ी का हिस्सा खिसक गया। राहत की बात यह है कि खतरे वाले इलाके को पहले ही खाली करा लिया गया था, इसलिए इस हादसे में कोई जनहानि या पशुहानि नहीं हुई। वहीं गोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग नालूपानी के पास भूस्खलन के कारण मलबा आने से रोड ब्लॉक हो गई। यातायात बहाल करने के लिए रास्ता खोलने का काम जारी है।
पुरानी इमारत हुई क्षतिग्रस्त
जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, भूस्खलन के कारण एक पुरानी खाली पड़ी इमारत को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा आसपास का इलाका भी प्रभावित हुआ। प्रशासन ने खतरे की संभावना को देखते हुए पहले ही दो रेस्टोरेंट, सड़क किनारे बने खोखे और मजदूरों की झोपड़ियों को खाली करा दिया था। इसी वजह से कोई व्यक्ति मलबे की चपेट में नहीं आया और एक बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक निजी व्यक्ति द्वारा होटल बनाने के लिए कराई जा रही खुदाई के कारण पहाड़ी अस्थिर हो गई। माना जा रहा है कि इसी वजह से भूस्खलन की घटना हुआ। हालांकि प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।
गंगोत्री हाईवे पर लैंडस्लाइड से रास्ता बंद
उत्तरकाशी में लगातार बारिश के कारण दो प्रमुख हाईवे पर आवाजाही प्रभावित हुई है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग नालूपानी के पास लैंडस्लाइ़ड हो गया। जिससे मलबा नीचे आने से रोड बंद हो गई है। सड़क से मलबा हटाकर रास्ते को जल्द से जल्द खोलने का काम जारी है। वहीं, यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्यानाचट्टी के पास भी बंद हो गया है। मार्ग बहाल करने के लिए एनएच बड़कोट की टीम लगातार राहत और मरम्मत कार्य में जुटी हुई है। प्रशासन ने यात्रियों से सफर से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी लेने और सावधानी बरतने की अपील की है।
उत्तराखंड में आज भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में मानसून जोर पकड़े हुए हैं और बारिश का सिलसिला भी जारी है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सें में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है। जिसे देखते हुए 9 और 10 जुलाई को अलर्ट भी जारी किया है। आईएमडी ने आज देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चंपावत के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने भारी बारिश, जलभराव और भूस्खलन की भी आशंका जताई है।
देहरादून और नैनीताल में स्कूल बंद
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने आज देहरादून और नैनीताल जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। राज्य के सभी जिलों में प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है। आपदा प्रबंधन की टीमें संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने, बेवजह यात्रा से बचने और मौसम विभाग की ताजा एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। आपदा राहत दलों को संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
