शहर

Bahraich: किशोर पर काल बनकर टूटा खूंखार तेंदुआ, खींच ले गया जंगल; मारकर छोड़ी डेडबॉडी

उत्तर प्रदेश के बहराइच स्थित कतर्नियाघाट वन्य क्षेत्र में तेंदुए के हमले से किशोर की मौत हो गई। वन विभान ने तेंदुए को पकड़ने के लिए जाल लगाया है।

Image

बहराइच में तेंदुए ने किशोर को मारा

Photo : BCCL

बहराइच: जिले में कतर्नियाघाट वन्य क्षेत्र के एक गांव में तेंदुए के हमले में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिवशंकर ने शनिवार को बताया कि मोतीपुर वन रेंज अंतर्गत ग्राम सोमईगौढ़ी मजरा मनोहरपुरवा निवासी अरविंद कुमार (14) परिवार के साथ शुक्रवार देर शाम मक्के के खेत की रखवाली के लिए गया था।

खेत में घात लगाकर बैठा था तेंदुआ

उन्होंने बताया कि शाम करीब सात बजे खेत में बैठे तेंदुए ने अरविंद पर हमला कर दिया और उसे दबोच कर ले जाने लगा, इसपर परिजनों व आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए तेंदुए को डराने का प्रयास किया जिससे वह किशोर को छोड़कर भाग गया । उन्होंने बताया कि परिजन घायल किशोर को पास के सरकारी अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी कराकर शीघ्र ही मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि तेंदुए को पकड़ने के लिए हमने गांव के इर्द-गिर्द तीन पिंजरे लगाए हैं। इलाके की 24 घंटे निगरानी की जा रही है।

डीएफओ ने बताया कि कतर्नियाघाट जंगल में अप्रैल से लेकर अब तक मानव वन्यजीव संघर्ष में तीन लोगों की मौत हो चुकी हैं।

(इनपुट-भाषा)

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article