शहर

Surat News : मिट्टी में मिला दीं 80 झुग्गियां, बिना नोटिस ध्वस्तीकरण पर SMC का बड़ा एक्शन; पांच अधिकारी सस्पेंड

सूरत के नासिरनगर में करीब 80 झुग्गियों को ढहाए जाने के मामले में पांच अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। हालांकि नगर निगम ने जांच समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की है और यह भी स्पष्ट नहीं किया कि निलंबित अधिकारियों की इस कार्रवाई में क्या भूमिका रही।

Image

(फोटो-https://gis.suratmunicipal.org/)

सूरत : गुजरात के सूरत में नासिरनगर क्षेत्र की करीब 80 झुग्गियों को कथित तौर पर बिना अधिकृत आदेश के ढहाए जाने के मामले में सूरत नगर निगम (एसएमसी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निगम ने पूरे मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी है।

एसएमसी ने बुधवार को जारी बयान में बताया कि 30 मई को हुई इस कार्रवाई की जांच के लिए गठित आंतरिक समिति की रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला लिया गया है। निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए कार्यकारी अभियंता सुजलकुमार प्रजापति और जयंग जीवनरामजीवाला, उप अभियंता अर्पण परमार, सहायक अभियंता मोनिक गढ़िया तथा कनिष्ठ अभियंता नरेश कुमार गलचर को निलंबित किया गया है। हालांकि नगर निगम ने जांच समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की है और यह भी स्पष्ट नहीं किया कि निलंबित अधिकारियों की इस कार्रवाई में क्या भूमिका रही।

गौरतलब है कि 30 मई को नासिरनगर में करीब 80 झुग्गियों को ढहाए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया था। शुरुआती दौर में सूरत नगर निगम ने इस कार्रवाई में अपनी किसी भी भूमिका से इनकार किया था। बाद में मीडिया रिपोर्टों के सामने आने के बाद निगम ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए।

एसएमसी की स्थायी समिति के अध्यक्ष राजन पटेल ने उस समय कहा था कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि निगम के अधिकारी केवल सड़क के सीमांकन (डिमार्केशन) के लिए मौके पर गए थे। वहीं, कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई सत्तारूढ़ भाजपा के इशारे पर एक बिल्डर को फायदा पहुंचाने के लिए की गई। हालांकि भाजपा ने इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

इस बीच, प्रभावित क्षेत्र के एक निवासी ने गुजरात हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दावा किया है कि झुग्गियां गिराने से पहले कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। कांग्रेस नेता और पूर्व पार्षद असलम साइकिलवाला का कहना है कि जिन मकानों को तोड़ा गया, उनमें से अधिकांश 40 से 50 वर्ष पुराने थे और उनके मालिक नियमित रूप से नगर निगम को संपत्ति कर भी अदा कर रहे थे।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article