शहर

अहमदाबाद के स्कूल में 8वीं के छात्र ने 10वीं में पढ़ने वाले लड़के को मारा चाकू, हुई मौत; स्कूल के बाहर परिजनों का हंगामा

अहमदाबाद के मणिनगर में कल यानी मंगलवार 19 अगस्त को 'सेवंथ डे एडवांटीज चर्च स्कूल' में 8वीं के छात्र ने आपसी बहस के बाद 10वीं के स्टूडेंट को चाकू मार दिया। बुरी तरह से घायल छात्र की बात में मौत भी हो गई। इस मामले में परिजनों ने आज बुधवार को स्कूल के बाहर धरना दिया।

Image

अहमदाबाद के स्कूल में छात्र ने दूसरे छात्र को चाकू मारा

Photo : Times Now Digital

गुजरात में अहमदाबाद से एक सनसनीखेज घटना सामने आयी है। यहां मणिनगर पूर्व इलाके के एक स्कूल 'सेवेंथ डे एडवेंटिस्ट स्कूल' में 8वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र ने 10वीं के स्टूडेंट को चाकू मार दिया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई, जिसके बाद 8वीं के छात्र ने चाकू मारकर 10वीं के छात्र को बुरी तरह से घायल कर दिया।

चाकू लगने से बुरी तरह से घायल हुए छात्र की बाद में मौत हो गई। छात्र की मौत से नाराज परिजन और उसके समाज के लोगों ने स्कूल पर हल्ला बोल दिया। स्कूल के बाहर सैकड़ों लोग प्रदर्शन कर रहे हैं।

पुलिस के अनुसार जिस छात्र की मौत हुई है वह सिंधी समाज से है। स्कूल में हमले के दौरान घायल छात्र की मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूटा पड़ा। सिंधी समाज के लोगों और छात्र के परिजनों में भारी आक्रोश है। बुधवार को बड़ी संख्या में लोग स्कूल पहुंचे और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने विरोध में कथित तौर पर स्कूल में तोड़फोड़ की।

अहमदाबाद के खोखरा इलाके में सेवेंथ डे एडवेंटिस्ट स्कूल में 19 अगस्त को घटना हुई। शुरुआत में दो बच्चों के बीच मामूली झगड़ा हुआ था। इसी दौरान, आठवीं के छात्र ने बहस के बाद दसवीं के छात्र को चाकू मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हुआ था। अस्पताल में इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई।

इससे, स्कूल में तनावपूर्ण माहौल पैदा हो गया, क्योंकि पीड़ित के रिश्तेदार और अन्य लोग परिसर में इकट्ठा हो गए। वे स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल पर लापरवाही का आरोप लगाया और 'न्याय' मिलने तक छात्र का शव लेने से इनकार कर दिया।

अभिभावकों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन तेज करते हुए सड़क को जाम कर दिया। गुस्साई भीड़ स्कूल के बाहर आकर सड़क पर बैठ गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस भी स्कूल पहुंच गई। हालांकि, इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच काफी देर धक्कामुक्की हुई। गुस्साई भीड़ स्कूल में भी घुसी और स्कूल स्टाफ के साथ हाथापाई की गई।

अभिभावकों ने मांग उठाई कि स्कूल प्रशासन और प्रिंसिपल के खिलाफ एफआईआर होनी चाहिए। उन्होंने छात्र की हत्या के बाद स्कूल की मान्यता रद्द करने और बुलडोजर कार्रवाई करके संपत्ति को भी जब्त करने की मांग की।

फिलहाल, आरोपी छात्र पुलिस की हिरासत में है। खोखरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और अपनी जांच के तहत सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

इनपुट - IANS

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article