शहर

कोडीन कफ सिरप मामले में सपा की युवा शाखा के पूर्व राज्य सचिव गिरफ्तार, तस्करी का है आरोप

उत्तर प्रदेश एसटीएफ की लखनऊ इकाई ने कोडीनयुक्त कफ सिरप के कथित अवैध भंडारण और तस्करी के मामले में वाराणसी निवासी अमित यादव को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में पहले से मामला दर्ज था और वह फरार चल रहा था।

Image

कोडीन कफ सिरप मामले में सपा की युवा शाखा के पूर्व राज्य सचिव गिरफ्तार (फोटो Canva&IANS)

उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) की लखनऊ इकाई ने कोडीनयुक्त कफ सिरप के कथित अवैध भंडारण और तस्करी के मामले में वाराणसी से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान वाराणसी के मैदागिन निवासी अमित यादव के रूप में हुई है। उसे शनिवार को हरहुआ रिंग रोड के पास से पकड़ा गया। एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि उसके खिलाफ लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में कफ सिरप तस्करी के आरोप में पहले से मामला दर्ज था और वह फरार चल रहा था।

अमित यादव ने क्या-क्या बताया?

पीटीआई के अनुसार पूछताछ के दौरान अमित यादव ने खुद को हरिश्चंद्र पोस्टग्रेजुएट कॉलेज का पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष और समाजवादी पार्टी की युवा सभा का पूर्व राज्य सचिव बताया। अधिकारियों के अनुसार, कॉलेज के दौरान उसकी मुलाकात शुभम जायसवाल से हुई थी। आरोप है कि शुभम के पिता भोला प्रसाद की कंपनी ‘शैली ट्रेडर्स’ कथित रूप से एबॉट की ‘फेंसेडिल’ कफ सिरप की तस्करी से जुड़ी थी।

क्या है पुलिस का दावा?

पुलिस का कहना है कि कोडीनयुक्त कफ सिरप का दुरुपयोग नशे के रूप में किया जाता है और पश्चिम बंगाल तथा बांग्लादेश में इसकी मांग अधिक रहती है। जांच में सामने आया है कि कथित रूप से लाभ के उद्देश्य से अमित ने शुभम के कहने पर अपनी कंपनी ‘जीएल सर्जिकल’ के माध्यम से एक लाख से ज्यादा बोतलें खरीदीं और उन्हें दूसरी कंपनी के नाम पर फर्जी बिक्री दिखाकर ऊंची कीमत पर बेच दिया। अधिकारियों के अनुसार, अमित यादव के खिलाफ पहले से दंगा, हत्या के प्रयास और धोखाधड़ी जैसे मामले दर्ज हैं। एसटीएफ राज्यभर में कोडीनयुक्त कफ सिरप के कथित अवैध नेटवर्क की जांच कर रही है।

सीएम योगी ने किया था दावा

इस मामले को लेकर पिछले वर्ष दिसंबर में विधानसभा में चर्चा हुई थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष के आरोपों का खंडन करते हुए कहा था कि सरकार के संज्ञान में कोडीन सिरप से मौत का कोई मामला नहीं आया है। उन्होंने यह भी दावा किया था कि इस प्रकरण के कुछ आरोपियों के संबंध समाजवादी पार्टी से जुड़े पाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने सदन में तस्वीरें दिखाकर आरोप लगाया था कि एक आरोपी अमित यादव को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ देखा गया था। साथ ही यह भी कहा गया कि कथित सरगना शुभम जायसवाल के भी सपा से संबंध थे और वह अमित का कारोबारी साझेदार था।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article